पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने दी श्रद्धांजलि
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने दी श्रद्धांजलि
जे टी न्यूज, पूर्णिया:
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष हिंदू तीर्थयात्रियों को निशाना बनाए जाने के विरोध में पूर्णिया जिला साइक्लिंग संघ और हरिओम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया और शोक प्रकट किया। कैंडल मार्च की शुरुआत जिला स्कूल खेल मैदान परिसर से हुई जो खीरु चौक, भट्टा बाजार, लखन चौक, झंडा चौक, कालीबाड़ी चौक, डीलक्स होटल होते हुए आर एन साह चौक तक निकाला गया। मार्च में शामिल लोगों के हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां थीं, जिन पर शांति, एकता और आतंकवाद के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की मांग लिखी गई थी। मार्च की शुरुआत में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई और ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई। आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का आह्वान
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह हमला सिर्फ एक समुदाय पर नहीं, बल्कि पूरे भारत की आत्मा पर चोट है। ईस्ट जोन के पूर्व चेयरमैन सह क्रिकेट प्रशिक्षक हरिओम झा ने कहा, “आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता, लेकिन जब किसी विशेष धर्म को निशाना बनाकर हमला होता है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।”पूर्व क्रिकेटर शशांक शेखर सिंह (गुड्डू) ने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया और कहा कि “यह सुनियोजित साजिश है जो समाज में डर और विभाजन फैलाने की कोशिश कर रही है।” पूर्व क्रिकेटर मनोज पासवान ने कहा कि खुफिया तंत्र की विफलता के कारण आतंकी हमलावरों को मौका मिला, और यह समय है जब हमें जाति-धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होना होगा।पूर्णिया जिला साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष नवीन सिंह, सचिव मुरारी सिंह और सेवानिवृत्त डीएसपी एस.के. सरोज ने भी हमले की तीखी निंदा करते हुए आतंकवाद के खिलाफ कठोर नीति अपनाने की मांग की। विशेष रूप से उपस्थित रहे|
हरिओम झा, शशांक शेखर सिंह, नवीन सिंह, मुरारी सिंह, एस.के. सरोज, परिमल सिंह, पवन पोद्दार, डॉ. आलोक (रोटरी क्लब), राहुल, आलोक लोहिया, लालू केडिया, अभिनव केजरीवाल, गुड्डू पंसारी, इंद्रजीत प्रसाद सह, तौफीक आलम, नंदकिशोर सिंह, आतिश सनातनी, मनोज कुमार पासवान, तापस रुद्र (वरिष्ठ भाजपा नेता), पंकज श्रीवास्तव, राजीव सिंह, निशीत कुमार, जय सिंह, एसएस प्रसाद पिंटू, सुनील लोहिया सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, कोच और अभिभावकगण। पूर्णिया में हुए इस कैंडल मार्च ने यह संदेश दिया कि देश का हर कोना आतंक के विरुद्ध एकजुट है। खेल के क्षेत्र से जुड़े लोगों ने यह साबित किया कि जब बात इंसानियत और देश की सुरक्षा की हो, तब खिलाड़ी भी मैदान से बाहर खड़े होकर आवाज़ बुलंद करना जानते हैं।

