मान्यता प्राप्त राजनितिक दलों के अभिकर्ताओं के साथ एसडीएम की महत्वपूर्ण बैठक

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर : अनुमंडल पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अभिकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य आगामी मतगणना (Vote Counting) से संबंधित सभी व्यवस्थाओं एवं प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा करना था। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री कुमार ने मतगणना की समस्त चरणबद्ध प्रक्रिया — जैसे कि मतगणना केंद्र में प्रवेश की व्यवस्था, पास निर्गत करने की प्रक्रिया, मतगणना टेबलों की संरचना, सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया कक्ष की तैयारी, आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी अभिकर्ताओं को मतगणना के दिन अनुशासन, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने का आग्रह किया।

साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि मतगणना के समय किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था फैलाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। बैठक में उपस्थित अभिकर्ताओं ने भी प्रशासन को अपने-अपने सुझाव दिए तथा मतगणना की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कल्याणपुर, पूसाअंचल अधिकारी कल्याणपुर, एवं सीडीपीओ कल्याणपुर भी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन अनुमंडल कार्यालय के कर्मियों द्वारा किया गया।



