कड़ाके की ठंड में इंसानियत की गर्माहट, महापौर विभा कुमारी खुद सड़कों पर उतरीं, बेसहारा लोगों के बीच बांटे कंबल

कड़ाके की ठंड में इंसानियत की गर्माहट, महापौर विभा कुमारी खुद सड़कों पर उतरीं, बेसहारा लोगों के बीच बांटे कंबल

जे टी न्यूज़ (पूर्णियां)। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे गरीब, लाचार और बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाने के लिए पूर्णिया नगर निगम ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की है। नगर निगम क्षेत्र में जहां प्रतिदिन दर्जनों स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है, वहीं मंगलवार की देर रात खुद महापौर विभा कुमारी सड़कों पर उतरकर जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण करती नजर आईं।
अचानक बढ़ी ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए नगर निगम ने विशेष राहत अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में महापौर विभा कुमारी के नेतृत्व में पूर्णिया जंक्शन, ओवरब्रिज के नीचे, पूर्णिया कोर्ट स्टेशन समेत शहर के विभिन्न प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रात के अंधेरे में ठिठुर रहे लोगों को कंबल उपलब्ध कराए गए। यह दृश्य न केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी का प्रतीक था, बल्कि सामाजिक सरोकार और संवेदनशील नेतृत्व का भी परिचायक बना।
इस मानवीय अभियान में उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, कई वार्ड पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और कर्मी भी मौजूद रहे। नगर निगम की टीम ने शहर के उन इलाकों को प्राथमिकता दी, जहां खुले आसमान के नीचे जीवन जीने को मजबूर लोग रातें गुजारते हैं।
कंबल वितरण के दौरान महापौर विभा कुमारी ने कहा कि
“कड़ाके की ठंड में असहाय और जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची मानवता है। नगर निगम क्षेत्र के सभी चिन्हित स्थानों पर लगातार राहत कार्य किया जा रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।”
उन्होंने कहा कि जहां एक ओर अधिकांश लोग ठंड से बचने के लिए अपने घरों में रजाई-कंबल के सहारे सुरक्षित रहते हैं, वहीं दूसरी ओर समाज का एक वर्ग ऐसा भी है, जो केवल एक पतली चादर के सहारे ठिठुरती रातें बिताने को मजबूर होता है। ऐसे लोगों की पीड़ा को समझना और उनके लिए खड़ा होना ही नगर निगम का कर्तव्य है।
महापौर ने स्पष्ट किया कि बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम द्वारा अलाव, कंबल और अन्य राहत उपायों को और प्रभावी किया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण असहाय महसूस न करे। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम भविष्य में भी इस तरह के मानवीय कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगा।
नगर निगम की इस पहल की स्थानीय लोगों ने खुले दिल से सराहना की। लोगों का कहना था कि देर रात खुद महापौर का सड़कों पर उतरकर जरूरतमंदों की मदद करना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से नगर निगम कर्मी इफ्तेखार आलम, वार्ड पार्षद गुलाब, दिलीप चौधरी, मंटू गुप्ता सहित कई स्थानीय एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।
पूर्णिया में ठंड के बीच यह मानवीय पहल न सिर्फ राहत पहुंचा रही है, बल्कि प्रशासन और समाज के बीच विश्वास की गर्माहट भी पैदा कर रही है।

Related Articles

Back to top button