जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की समन्वय समिति की बैठक आयोजित।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की समन्वय समिति की बैठक आयोजित।

जेटीन्यूज़
समस्तीपुर: जिलाधिकारी-सह- अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, समस्तीपुर की अध्यक्षता में मंगलवार को सभाकक्ष में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में संचालित गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत सुरक्षित शनिवार की गतिविधियों को जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत जिले के प्रत्येक विद्यालय में विद्यालय आपदा प्रबंधन समिति का शत-प्रतिशत गठन किया जाए। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक विद्यालय में दो-दो नोडल शिक्षक नामित किए जाएं एवं उनका शत प्रतिशत प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए।

वहीं उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने निर्देशित किया कि अनुमंडल-वार नोडल शिक्षकों की पहचान कर उनके प्रशिक्षण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि जिले के प्रत्येक विद्यालय में सुरक्षित शनिवार की गतिविधियां शत-प्रतिशत प्रारंभ की जा सकें। बैठक के दौरान आपदा जोखिम न्यूनीकरण विशेषज्ञ, यूनिसेफ राजीव कुमार, डॉ. पल्लव कुमार एवं वरीय सलाहकार, बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अशोक कुमार शर्मा व राज्य मास्टर ट्रेनर सुभीत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी के समक्ष जिले में मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम की अब तक की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा विभाग, प्रेम शंकर झा व समन्वयक हरिश्चंद्र राम ने जिले में संचालित विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम एवं सुरक्षित शनिवार की गतिविधियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए अब तक की उपलब्धियों एवं आगे की कार्ययोजना से अवगत कराया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ राजीव कुमार, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव, जिला अग्निशमन पदाधिकारी हर्षवर्धन, टीम कमांडर एसडीआरएफ राकेश रमन सहित कई अन्य मौजूद थे।


