मुक्तिधाम, पुनर्वास और किसानों के मुआवज़े पर सरकार से त्वरित कार्रवाई की माँग
मुक्तिधाम, पुनर्वास और किसानों के मुआवज़े पर सरकार से त्वरित कार्रवाई की माँग

जे टी न्यूज़, पटना : नरपतगंज विधायक देवंती यादव ने अष्टादश बिहार विधानसभा के द्वितीय सत्र में शून्यकाल के दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों को मजबूती से सदन के पटल पर रखा। उन्होंने कहा कि जनता की पीड़ा को सरकार तक पहुँचाना उनका कर्तव्य है और क्षेत्र के अधिकारों के लिए वह लगातार संघर्षरत रहेंगी। बाढ़ और तूफ़ान से तबाही, विशेष राहत पैकेज की माँग विधायक ने सदन को अवगत कराया कि अररिया जिला अंतर्गत नरपतगंज प्रखंड में मॉनसून के बाद नेपाल से छोड़े गए पानी और लगातार भारी वर्षा के कारण विनाशकारी बाढ़ एवं तूफ़ान की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस प्राकृतिक आपदा में बड़ी संख्या में परिवारों के घर ध्वस्त हो गए तथा किसानों की फसलें भारी मात्रा में नष्ट हुई हैं। उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल विशेष राहत पैकेज, क्षतिपूर्ति, पुनर्वास व्यवस्था और किसानों को उचित मुआवज़ा देने की माँग की। फुलकाहा को प्रखंड बनाने की जोरदार पैरवी विधानसभा सत्र के दौरान विधायक ने फुलकाहा को प्रखंड का दर्जा देने की महत्त्वपूर्ण माँग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र का समग्र विकास, प्रशासनिक सुगमता और आमजन को सरकारी सुविधाओं की बेहतर पहुँच सुनिश्चित होगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि फुलकाहा को प्रखंड बनाने की जनभावना को साकार करना उनका दायित्व है और इसके लिए वह हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगी। नरपतगंज नगर पंचायत में मुक्तिधाम निर्माण का मुद्दा भी उठा सत्र की प्रथम पाली में विधायक ने नरपतगंज नगर पंचायत में मुक्तिधाम के अभाव का संवेदनशील मुद्दा भी सदन में रखा। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार जैसे कार्य के लिए स्थानीय लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए जल्द कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया।

