मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को किया सम्मानित बिहार सरकार की ओर से 50 लाख का चेक दिया टाटा मोटर्स ने एक शानदार कार गिफ्ट की
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव सूर्यवंशी को किया सम्मानित
बिहार सरकार की ओर से 50 लाख का चेक दिया
टाटा मोटर्स ने एक शानदार कार गिफ्ट की

जे टी न्यूज, पटना:अंडर 19 वर्ल्ड कप की ऐतिहासिक जीत के बाद पटना पहुंचे बिहार के लाल और उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी पर तोहफों की बारिश हो रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को अपने सरकारी आवास पर वैभव सूर्यवंशी को शाल ओढ़ाकर और 50 लाख रुपए का चेक देकर सम्मानित किया। इस दौरान वैभव ने मुख्यमंत्री के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। इस गरिमामय अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मौजूद थीं। इससे पहले टाटा मोटर्स की ओर से भी उन्हें एक शानदार कार उपहार में दी गई।
वैभव सूर्यवंशी टाटा आईपीएल में ‘बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द सीरीज’ रहे थे, जिसके उपलक्ष्य में उन्हें आज टाटा की ओर से नई टाटा सीयूआरवीवी कार गिफ्ट की गई। वैभव अपने पिता के साथ टाटा के शोरूम पहुंचे, जहां शोरूम के मालिक ने उन्हें गाड़ी की चाबियां सौंपीं। वैभव ने इस सम्मान के लिए टाटा समूह का आभार व्यक्त किया। विश्व कप और घरेलू स्तर पर अपने बल्ले का लोहा मनवाने वाले वैभव सूर्यवंशी अब क्रिकेट के सबसे बड़े मंच आईपीएल के लिए तैयार हैं। वे जल्द ही राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में खेलते हुए नजर आएंगे। उनकी इस सफलता से बिहार के खेल जगत में जबर्दस्त उत्साह है और उन्हें भविष्य का चमकता सितारा माना जा रहा है। बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वैभव ने हम सभी को गर्व करने का अवसर दिया है और आज का दिन बिहार के लिए बेहद खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि उनकी मंगल कामना है कि आने वाले समय में वैभव भारतीय टीम का हिस्सा बनें और देश के साथ-साथ बिहार का नाम रोशन करें। श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार जल्द ही क्रिकेट के अलावा ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी तैयार होगा। उन्होंने बताया कि पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम के साथ-साथ राजगीर का स्टेडियम भी जल्द अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की मेजबानी के लिए तैयार हो जाएगा। एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए खेल मंत्री ने कहा कि यह भारत का गौरव बढ़ाने वाला कार्यक्रम था। लेकिन जिस प्रकार से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यवहार किया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतें उचित नहीं हैं और इससे राज्य की छवि प्रभावित होती है।




