सृष्टि रचना से पहले ब्रह्मा ने आँवले को किया उत्पन्न 

 

जेटी न्यूज़

मोतिहारी।पु0च0

अक्षय नवमी का पवित्र व्रत सोमवार को मनाया जाएगा। यह व्रत कार्तिक शुक्लपक्ष नवमी को किया जाता है। इसको करने से समस्त व्रत,पूजन,अनुष्ठान,तर्पण आदि का फल अक्षय हो जाता है। इसलिए इसे अक्षय नवमी भी कहते हैं। इस दिन स्नानादि से निवृत्त होकर आँवले के वृक्ष के नीचे पूजन कर जड़ में दूध की धारा गिराकर,पेड़ के चारों ओर सूत लपेट कर आरती करके एक सौ आठ परिक्रमाएं करने का विधान है। इस दिन वस्त्र,आभूषण आदि का दान करने से समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं। इस दिन कुष्मांड (भथुआ) के अन्दर स्वर्ण या द्रव्य आदि रखकर गुप्त दान करने की भी परंपरा है। आज के दिन आँवले की छाया में ब्राह्मण भोजन करवाने के पश्चात् अपने बन्धु-बान्धवों के साथ भोजन करना चाहिए। इस दिन आँवले का दान भी करना चाहिए। उक्त जानकारी महर्षिनगर स्थित आर्षविद्या शिक्षण प्रशिक्षण सेवा संस्थान-वेद विद्यालय के प्राचार्य सुशील कुमार पाण्डेय ने दी।उन्होंने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार पूर्वकाल में जब सारा जगत् जल में निमग्न हो गया था,समस्त चराचर प्राणी नष्ट हो गए थे,उस समय परमात्मा ब्रह्मा जी परब्रह्म का जप करने लगे थे। ब्रह्म का जप करते करते उनके आगे श्वास निकला। साथ ही भगवत् दर्शन के अनुरागवश उनके नेत्रों से जल निकल आया। प्रेम के आँसुओं से परिपूर्ण वह जल की बूँद पृथ्वी पर गिर पड़ी। उसी से आँवले का महान वृक्ष उत्पन्न हुआ। सब वृक्षों में सबसे पहले आँवला ही उत्पन्न हुआ इसलिए उसे आदिरोह कहा गया। ब्रह्मा ने पहले आँवले को उत्पन्न किया,उसके बाद समस्त प्रजा की सृष्टि की। जब देवता आदि की सृष्टि हो गयी तब वे उस स्थान पर आए जहाँ आँवले का वृक्ष था। उसी समय आकाशवाणी हुयी- यह आँवले का वृक्ष सब वृक्षों में श्रेष्ठ है क्योंकि यह भगवान विष्णु को प्रिय है।प्राचार्य पाण्डेय ने बताया कि इसके स्मरण मात्र से ही मनुष्य गोदान का फल प्राप्त करता है। इसके दर्शन से दुगुना और फल खाने से तिगुना पुण्य होता है। इसलिए सर्वथा प्रयत्न करके आँवले के वृक्ष का सेवन करना चाहिए। क्योंकि यह भगवान विष्णु को परम प्रिय एवं सब पापों का नाश करने वाला है। अतः समस्त कामनाओं की सिद्धि के लिए आँवले के वृक्ष का पूजन करना पुण्यफलदायक होता है।

Website Editor :- Neha Kumari

 

Related Articles

Back to top button