जिले में पूरे हर्षोउल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह
जिले में पूरे हर्षोउल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

जे टी न्यूज,मधुबनी (प्रो अरुण कुमार): जिले में पूरे हर्षोउल्लास एवं धूमधाम से 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया. माननीय मंत्री खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री मधुबनी श्रीमती लेशी सिंह ने पुलिस केंद्र, मधुबनी में आयोजित मुख्य स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में झंडोतोलन किया.
मुख्य समारोह में जिलेवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मधुबनी जिला विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है. सरकार गरीबों, वंचितों एवं अल्पसंख्यकों को उनका वाजिब हक दिलाने हेतु सदैव प्रयत्नशील है ताकि सामाजिक न्याय के सिद्धांत का पालन हो सके.
आगे उन्होंने कहा कि मधुबनी जिला में जहां विकास के अनेक संभावनाएं हैं वहीं दूसरी तरफ चुनौतियां भी कायम है, परंतु जनता, जनप्रतिनिधि व प्रशासन के सहयोग से मधुबनी जिला विकास की सीढ़ियों पर चढ़ रहा है. अपने संबोधन में उन्होंने न केवल जिले के विभूतियों के योगदान का स्मरण किया बल्कि, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा सुमन भी अर्पित किया.

कृषि पर अपनी बात रखते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधामंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले में अब तक कुल तीन लाख पच्चीस हजार चार सौ तिरासी किसानों को लाभान्वित किया गया है. इसके अतिरिक्त हम स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लगातार बेहतर कर रहे हैं. जिले में उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त जिला मॉडल अस्पताल का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है. बच्चों की जानलेवा बीमारियों से बचाव हेतु नियमित टीकाकरण का कार्य जारी है. बाल हृदय योजना के तहत् अब तक 78 बच्चों का मुफ्त रूप से सफल हृदय ऑपरेशन कराया गया है. आयुष्मान भारत योजना के तहत् जिले में अब तक कुल तेरह लाख बासठ हजार एक सौ उनतीस लाभार्थियों को आच्छादित किया जा चुका है.
शिक्षा के क्षेत्र में मधुबनी जिला की विकास गति तेजी पकड़ रही है. जिले के विद्यालयों में गत वित्तीय वर्ष में किशोरी स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री बालक पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री साइकिल योजना की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे छात्र छात्राओं के बैंक खातों में भेजी जाती है. सात निश्चय योजना के तहत् आर्थिक हल, युवाओं को बल के अंतर्गत बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में अब तक एक अरब नब्बे करोड़ चार लाख आठ हजार आठ सौ सतासी रुपए का वितरण किया का चुका है.
इसके अतिरिक्त उन्होंने जीविका, सहकारिता, अल्पसंख्यक कल्याण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा, खेल, बाल विकास परियोजना, श्रम संसाधन, आधारभूत संरचना, मनरेगा, जल जीवन हरियाली, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांग सशक्तिकरण, जीविका, आपदा प्रबंधन, मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ सभागाछी और मिथिला हाट, अररिया संग्राम सहित विभिन्न योजनाओं व उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला. माननीय मंत्री ने डीएम-एसपी के साथ परेड का निरीक्षण भी किया. जिसमें परेड कमांडर सार्जेंट नीतीश कुमार थे. निरीक्षण टुकड़ी में एसएसबी, सशस्त्र बल (पुरुष) डीएपी, सशस्त्र बल (महिला) डीएपी, गृहरक्षक, एनसीसी और सीनियर स्काउट गाइड के दल शामिल थे.

जिले के महादलित टोलो में भी स्वतंत्रता दिवस की धूम रही. स्वतंत्रता दिवस के दिन रहिका प्रखंड के सौराठ ग्राम स्थित रविदास टोला में चहुंओर उत्सव एवं उत्साह का माहौल था. प्रभारी मंत्री श्रीमती लेशी सिंह सहित कई वरीय अधिकारी झंडोतोलन कार्यक्रम में भाग लेने सौराठ रविदास टोल थे. टोला बुजुर्ग अशर्फी राम झंडोतोलन के लिए पूरी तरह से तैयार होकर आये थे. माननीय मंत्री की उपस्थिति में टोला बुजुर्ग जब झंडोतोलन कर रहे थे, उस समय उनके चेहरे पर खुशी एवं देशप्रेम की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही थी. उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरे जीवन मे खुशी का सबसे बड़ा दिन है. झंडोतोलन के उपरांत संक्षिप्त कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने टोला बुजुर्ग को स्वयं अपने हाथों से नया चश्मा पहनाया. गौरतलब हो कि जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा के निर्देश के आलोक में महादलित टोलों के लोगो की आँख की पावर जाँच की गई थी और उन सभी टोलों के लोगो को आज स्वतंत्रता दिवस के दिन चश्मा वितरण किया गया। टोले के कई महिलाओं एवं पुरुष प्रभारी मंत्री के हाथों चश्मा पाकर काफी उत्साहित नजर आ रहे थे. बाद में प्रभारी मंत्री ने टोला के बच्चों को बुलाकर उनसे बात की, साथ ही स्वयं अपने हाथों से सभी बच्चों को चॉकलेट एवं मिठाई दिया. प्रभारी मंत्री ने टोला बुजुर्ग एवं ग्रामीणों विशेषकर महिलाओं से बात कर सरकार की चल रही कल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक भी लिया.
जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने रहिका प्रखंड के ही शंभुआर, वार्ड नंबर 5 में टोला बुजुर्ग राम विलास राम के साथ झंडोतोलन किया. उत्साह व देशप्रेम का यह दृश्य जिले के सभी महादलित टोलो में देखने को मिला, जहाँ माननीय मंत्री सहित डीएम-एसपी तथा जिले के वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति मे के द्वारा ध्वजारोहण किया गया

उक्त अवसर पर जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, डीडीसी दीपेश कुमार, अपर समाहर्ता शैलेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार भीमसारिया, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार, अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी परिमल कुमार, प्रशिक्षु जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अमन कुमार आकाश सहित कई वरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान मंच संचालक की भूमिका शिक्षक डॉ. अभिषेक कुमार ने निभाई ।

