बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल – पुष्पम

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: बिहार में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राज्य में पिछले चार दिनों में हिंसा और अपराध की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें दो सहायक उपनिरीक्षकों (ASI) की ड्यूटी के दौरान हत्या कर दी गई। होली के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में पुलिसकर्मियों पर हमले किए गए। इन घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर निशाना साधा है l

हसनपुर के पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम ने बिहार में एनडीए सरकार पर अपराधियों को खुली छूट देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, एनडीए सरकार के तहत बिहार अपराधियों का अड्डा बन गया है। यह तथाकथित ‘डबल इंजन सरकार’ पुलिस और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है। अब स्थिति यह हो गई है कि खुद पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं हैं, आम जनता की सुरक्षा तो दूर की बात है। राज्य में पूरी तरह से ‘अपराधी राज’ चल रहा है। बिहार सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिर्फ सत्ता बचाने में लगे हैं, उन्हें जनता की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है। अगर पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। बिहार के लोग अपराधियों के आतंक से परेशान हैं और अब पुलिसकर्मी भी उनकी क्रूरता के शिकार हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button