सस्ती लोकप्रियता के पीछे भाग रही हैं शाम्भवी – अमित, कहा सांसद को जनता की जरूरत और क्षेत्र के विकास से कोई वास्ता नहीं, हवाई किला बना रही

जेटी न्यूज।
समस्तीपुर । यह सांसद भी अन्य सांसदों की तरह निकली। फर्क सिर्फ यह रहा कि पुर्व के सांसद सदन में उंघते रहते थे। मगर ये आये दिन उटपटांग ही सही मगर बोलती हैं। उक्त बातें भाकपा माले पूसा प्रखण्ड सचिव अमित कुमार ने शुक्रवार को संवाददाता से कही। वे पिछले दिनों संसद में शांभवी चैधरी द्वारा समस्तीपुर स्टेशन का नाम जननायक देश रत्न कर्पूरी ठाकुर के नाम पर रखने की मांग किए जाने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। माले नेता ने कहा कि ऐसा कर उन्होंने अपनी अक्षमता और अपने क्षेत्र के बारे में अल्प जानकारी का परिचय दिया है। जो यह बताता है कि इन्हें समस्तीपुर में उनको सिर्फ कर्पूरी जी के बारे में ही पता है। माले नेता ने कहा कि ये भी भाजपा के रंग में रंगी दिख रही हैं। जिसे जनता की जरूरत से कोई मतलब ही नहीं होता। विगत कुछ महीनो में उनकी गतिविधियों से यह लोग समझ गये कि यह भी घोषणा करने और सस्ती लोकप्रियता पाने वाली नेत्री है। श्री अमित ने कहा कि पढी-लिखी, समाजसेवा के क्षेत्र से राजनीति में आई युवा सांसद पा कर क्षेत्र के लोग बेहद उत्साहित थे। लोगों को उम्मीद थी कि ये वादे कम काम अधिक करेंगी। मगर बहुत जल्दी लोगों का भ्रम दूर हो गया जब उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा कि समस्तीपुर को लोग मेरे सांसद बनने के बाद जानने लगे हैं। कर्पूरी जी के नाम पर विश्वविद्यालय, जुट मिल का स्थाई समाधान, लंबित पुलों के निर्माण में विलंब, क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग आदि कई विषय थे जिन पर वे सदन में मजबूती से आवाज उठा सकती थी। मगर क्षेत्र की जनता को उनके कथनी और करनी में अन्य नेताओं की तरह अंतर दिखने से बेहद निराशा हुई है। वे खुद को छला हुआ महसूस कर रहे हैं।



