समाज में बढ़ती नशाखोरी पर महिलाओं ने जताई गहरी चिंता

समाज में बढ़ती नशाखोरी पर महिलाओं ने जताई गहरी चिंता जे टी न्यूज, अररिया:
जिला परियोजना समन्वयन इकाई, जीविका अररिया के तत्वावधान में चल रहे महिला संवाद रथ अभियान के आठवें दिन बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और समाज में व्याप्त समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।
जहां एक ओर महिलाओं ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की, वहीं दूसरी ओर उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताई और इसे रोकने के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।                                                   #नशे के विकल्प युवाओं को कर रहे बर्बाद                                                                                                                  महिलाओं का कहना था कि शराबबंदी के बावजूद युवा अब स्मैक, नशीली दवाओं और अन्य खतरनाक विकल्पों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जो उनके भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। दीदियों ने चेताया कि यदि इसे समय रहते नहीं रोका गया तो इसका दुष्प्रभाव पूरे समाज पर पड़ेगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि नशाखोरी के इस नए ट्रेंड पर सख्त कानून बनाकर और निगरानी बढ़ाकर इसे तत्काल रोका जाए।                                        #यातायात सुविधाओं की कमी ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी                                 कुछ दीदियों ने गांवों को शहरों से जोड़ने वाली यातायात सुविधाओं की कमी की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि गांवों से शहर जाने के लिए सिर्फ ऑटोरिक्शा या निजी वाहन ही विकल्प हैं, जिससे आपात स्थिति में अस्पताल या जरूरी स्थानों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। महिलाओं ने सुझाव दिया कि सरकारी स्तर पर बस या मिनी बस सेवा शुरू की जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी आसानी से शहर तक पहुंच सकें।                                                                #जन-जागरूकता में सहायक बन रहा संवाद रथ                                                                                                                  उल्लेखनीय है कि जिले में 18 महिला संवाद वाहन प्रतिदिन 36 स्थानों पर पहुंच कर दो पालियों (सुबह 9-11 बजे और शाम 4-6 बजे) में सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा कर रहे हैं। इन वाहनों के माध्यम से वीडियो फिल्म के ज़रिए महिलाओं को बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे– स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य, आजीविका, शिक्षा आदि के बारे में जागरूक किया जा रहा है। यह संवाद रथ अभियान 18 अप्रैल 2025 से शुरू होकर दो महीने तक चलेगा, और इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी, सशक्तिकरण और जागरूकता को बढ़ाना है।

Related Articles

Back to top button