महिला संंवाद कार्यक्रम आयोजित
महिला संंवाद कार्यक्रम आयोजित
जे टी न्यूज, मधुबनी। : – जिले के लदनियां प्रखंड क्षेत्र की कुमरखत पूर्वी पंचायत अंतर्गत महुलिया गांव में जीविका महिला ग्राम संगठन के द्वारा वार्ड नंबर 05 में एक महत्वपूर्ण महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस संवाद कार्यक्रम में जीविका महिला सदस्यों के साथ साथ गांव की अन्य महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने जीवन में आए महत्वपूर्ण परिवर्तन पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर वे अपने परिवारों को सशक्त, और मजबूत बनाने में सफल रही है। उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि बिहार सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई सराहनीय कार्य किया है।इसी का परिणाम है कि पहले घरों की सीमा में रहने वाली महिलाएं अब सभी बंधनों को तोड़ कर आगे बढ़ने के लिए तैयार है। इसके अतिरिक्त महिलाओं ने अपने गांव के आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर भी अपनी इच्छाएं व्यक्त की । उन्होंने विशेष रूप से तालाब के सौंदर्यीकरण का सुझाव दिया। जहां गांव की सभी महिलाएं मिलकर अपने पर्व और त्योहारों का उत्सव मनाती है। महिलाओं ने कहा कि पुरुष प्रधान समाज एवं देश होने के कारण आज भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। पंचायत के महिला वार्ड सदस्य, वार्ड पंच, पंचायत समिति, सरपंच एवं मुखिया का पद सरकार द्वारा आरक्षित होने के कारण मिला जरुर है परन्तु कार्यों का संचालन पुरुष के द्वारा ही किया जाता है। साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित सुधारों के संबंध में भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि गांव में सार्वजनिक शौचालयों का अभाव है, कारण उन्हें मल-मूत्र त्याग करने सुरक्षा के दृष्टिकोण से सड़क या पुरुष के आर में जाना पड़ता है।
गौरतलब है कि बिहार में नई योजनाओं की रुपरेखा और नीति निर्माण की प्रक्रिया में महिलाओं से संवाद स्थापित किया तो जा रहा है, परंतु अधिकारियों की लालफीताशाही के कारण धरातल पर उतरने से पहले ही दम तोड़ देता है। परंतु सरकार के इस महिला संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण की दिशा में बिहार को एक नई पहचान दिलाना है। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।


