जीविका महिला ग्राम संगठन में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लिया
जीविका महिला ग्राम संगठन में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लिया
जे टी न्यूज, सीतामढ़ी: श्री अशोक चौधरी, मंत्री ग्रामीण कार्य विभाग बिहार-सह-प्रभारी मंत्री ने आज मध्य विद्यालय हरिछपरा के पास दीपक जीविका महिला ग्राम संगठन में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। मौके पर सदस्य बिहार विधान परिषद रेखा कुमारी,पूर्व मंत्री डॉ रंजू गीता,जिलाधिकारी रिची पांडेय,एसपी अमित रंजन ,डीडीसी मनन राम,डीपीएम जीविका तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। महिला संवाद कार्यक्रम में उपस्थित प्रभारी मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकार के प्रयास के बदौलत आज महिलाएं हर क्षेत्र में अच्छा मुकाम हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण एवं उत्थान के लिए कई तरह की योजनाएं संचालित कर रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर किशोरियां तथा महिलाएं आगे बढ़ रही हैं।उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी महिला संवाद कार्यक्रम में भाग लें एवं महिलाओं से संवाद स्थापित करें। माननीय मंत्री ने कहा कि जीविका से जीवन में खुशहाली आई है और महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में लगभग 40000 स्वयं सहायता समूह के माध्यम से साढे चार लाख जीविका दीदियां जीविका से जुड़कर आर्थिक उन्नति के पथ पर अग्रसर हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक सामाजिक और राजनीतिक उत्थान के मद्देनजर राज्य सरकार दृढ़ संकल्पित होकर कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न वर्गों की महिलाओं से संवाद किया और उनकी समस्याओं, अनुभवों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। रीता देवी,अध्यक्ष भारत CLF द्वारा जीविका से मिल रहे लाभ के बारे में अपने अनुभव साझा किया गया तथा सरकार को धन्यवाद दिया गया।वहीं श्वेता कुमारी ने भी पोशाक योजना, साइकिल योजना, छात्रवृत्ति इत्यादि से जो उन्हें लाभ प्राप्त हुआ इसके बारे में उन्होंने जानकारी दी। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा, “महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। सरकार की विभिन्न योजनाएं – शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, स्वरोजगार और सुरक्षा से संबंधित – महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी कदम हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं को स्वावलंबी, आत्मनिर्भर और निर्णय लेने में सक्षम बनाने के लिए पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक ठोस प्रयास कर रही है। मंत्री ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षित परिवेश, स्वरोजगार के अवसर और नेतृत्व में भागीदारी जैसे मुद्दों पर विशेष बल दिया।
माननीय मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे महिलाओं से प्राप्त सुझावों पर अमल करें और जनभागीदारी के साथ महिला केंद्रित योजनाओं की निगरानी एवं क्रियान्वयन को और मजबूत करें।
