अररिया में महिला संवाद कार्यक्रम में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी

अररिया में महिला संवाद कार्यक्रम में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारीजे टी न्यूज, अररिया :
अररिया जिले में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रमों में भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी आकांक्षाएं खुलकर साझा कीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक जरूरतों को समझकर उनके समाधान की दिशा में ठोस प्रयास करना है।

जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक महिला संवाद के दौरान कुल 53,686 आकांक्षाएं महिलाओं की ओर से प्राप्त हुई हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि महिलाएं अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को लेकर अब पहले से कहीं अधिक जागरूक और सक्रिय हो चुकी हैं।

महिलाओं की आवाज: रोजगार पहली प्राथमिकता

कार्यक्रम के दौरान रानीगंज प्रखंड की अनिता देवी ने कहा: हम सिलाई का काम जानती हैं लेकिन उचित सिलाई सेंटर की व्यवस्था नहीं होने के कारण हम रोजगार से वंचित रह जाती हैं। सरकार अगर हमारी मदद करे, तो हम आत्मनिर्भर बन सकते हैं।”

वहीं, कुर्साकांटा की सुनीता देवी ने कहा:

मेरे पति बाहर काम करने जाते हैं। अगर हमें स्थानीय स्तर पर रोजगार मिले, तो हम अपने परिवार को ठीक से चला सकेंगे। ऐसी स्थिति कई महिलाओं की है। सरकार को इस दिशा में पहल करनी चाहिए।”

7122 महिलाओं की सहभागिता, 36 स्थानों पर संवाद

महिला संवाद के 56वें दिन, गुरुवार को 18 एलईडी वाहनों के माध्यम से जिले के 36 स्थानों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुल 7122 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को तीन लघु फिल्मों के माध्यम से जागरूक किया गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण, सरकारी योजनाएं, और सामाजिक अधिकारों पर प्रकाश डाला गया।

साथ ही, महिलाओं के बीच लीफलेट और मुख्यमंत्री संवाद का वितरण किया गया। इन लीफलेट्स में राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे महिलाएं इनका लाभ उठा सकें।

कार्यक्रम की प्रगति और लक्ष्य

18 अप्रैल 2025 को शुरू हुए महिला संवाद कार्यक्रम के तहत जिले में कुल 2174 स्थानों पर आयोजन निर्धारित था। अब तक 1975 स्थानों पर कार्यक्रम संपन्न हो चुका है।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि 18 जून 2025 तक शेष सभी स्थानों पर भी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button