9 जुलाई किसान मजदूर राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल करो
9 जुलाई किसान मजदूर राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल करो
जे टी न्यूज़, बेतिया : संयुक्त ट्रेड यूनियन तथा संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा 9 जुलाई 2025 को आहुत राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए सीटू कार्यालय बेतिया में संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई।बैठक को संबोधित करते हुए बिहार राज्य किसान सभा के उपाध्यक्ष तथा संयुक्त किसान मोर्चा के जिला संयोजक प्रभुराज नारायण राव ने कहा कि सभी क्षेत्रों में निजीकरण की ओर बढ़ते कदमों को रोका जाय। ट्रेड यूनियन मजदूरों के कानून में जो बदलाव किए गए हैं ,उन चार लेबर कोड को निरस्त किया जाए।मजदूरों को 8 घंटे का काम का समय और पूरी मजदूरी देने का कानून यथावत रखा जाए । बिजली के निजीकरण को रोका जाए। बिजली निगम बोर्ड को कंपनियों में तब्दील करके बिजली मीटर को हटाकर निजीकरण का रास्ता बनाते हुए स्मार्ट मीटर लगाने का काम बन्द किया जाय ।दूसरी तरफ विभिन्न स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार यह स्मार्ट मीटर 40% ज्यादा गति से रीडिंग निकालता है।जो आम उपभोक्ता को लूटने जैसा है ।इसलिए बिजली के निजीकरण वापस लिया जाए और जनता के हित में जनता को सस्ती बिजली मिले ऐसी सरकारी नीति बनाई जाय।एम एस पी को कानूनी गारंटी,फसल में लागत का डेढ़ गुना दाम,कृषि कर्ज से किसानों को मुक्त किया जाए। बैठक को अखिल भारतीय किसान सभा अजय भवन पटना के जिला सचिव राधामोहन यादव,बिहार राज्य किसान सभा जमाल रोड पटना के हरेंद्र प्रसाद, चाँदसी प्रसाद यादव,लोक संघर्ष समिति के पंकज ,अखिल भारतीय खेत मजदूर किसान सभा के सुरेंद्र प्रसाद,अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के मानती राम,बिहार राज्य ईख उत्पादक संघ के अध्यक्ष लालाबाबू यादव ,शिवजी राय आदि ने संबोधित किया।


