जदयू सदस्यता अभियान में खगड़िया बनेगा बिहार में नंबर वन
सदर विधायक बबलू मंडल गोगरी में जदयू सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न
जदयू सदस्यता अभियान में खगड़िया बनेगा बिहार में नंबर वन
-सदर विधायक बबलू मंडल
गोगरी में जदयू सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न

जे टी न्यूज़ खगड़िया (गीता कुमार यादव)। जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा वर्ष 2025 से 2028 तक चलाए जा रहे संगठनात्मक सदस्यता अभियान को लेकर गोगरी प्रखंड में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जदयू गोगरी प्रखंड अध्यक्ष मायाराम मंडल की अध्यक्षता में उनके आवास पर सम्पन्न हुई।
बैठक के मुख्य अतिथि जदयू जिला अध्यक्ष सह सदर विधायक बबलू कुमार मंडल रहे, जबकि परवत्ता विधानसभा प्रभारी पप्पू सिंह निषाद एवं जदयू के कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजकुमार फोगला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया।
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए जदयू जिला अध्यक्ष व सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने सदस्यता अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित दो लाख सदस्य बनाने के लक्ष्य को बढ़ाकर खगड़िया जिला में पाँच लाख नए सदस्य जोड़ने का संकल्प लिया गया है, जिसे हर हाल में पूरा करना है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जिस प्रकार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने ऐतिहासिक और अप्रत्याशित जीत दर्ज कर इतिहास रचा, उसी तरह जदयू सदस्यता अभियान में भी खगड़िया जिला बिहार में पहला स्थान प्राप्त करेगा। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को और मजबूत करेगा, जो सामाजिक न्याय के साथ सर्वांगीण विकास के प्रतीक हैं।

परवत्ता विधानसभा प्रभारी पप्पू सिंह निषाद ने कहा कि जदयू एक स्वच्छ, पारदर्शी और सिद्धांतवादी पार्टी है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निर्मल छवि के जननेता हैं। उनके विकासात्मक और जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संगठन की मजबूती आवश्यक है, जिसके लिए सदस्यता अभियान को सफल बनाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
बैठक में जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, जिला महासचिव राजीव रंजन, तकनीकी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष विनय सिंह रोशन, व्यवसायिक प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष डॉ. रवि कुमार, जदयू नेता अनिल पोद्दार, जदयू नेत्री बॉबी गांधी, सिमरन पंडित, मुक्ति यादव, ज्योतिष पटेल, धनिक लाल दास, राजेश पंडित, शेखावत खान, भावेश सिंह, लाल बिहारी सिंह, तसव्वर सहित दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए घर-घर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, ताकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सके।




