जमीन का पर्चा नहीं, गरीबों को मिला अपने आशियाने और अधिकार का भरोसा
जमीन का पर्चा नहीं, गरीबों को मिला अपने आशियाने और अधिकार का भरोसा

जे टी न्यूज, खगड़िया, परबत्ता: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को परबत्ता प्रखंड मुख्यालय स्थित आईटी भवन में भूमिहीन जरूरतमंद परिवारों के बीच जमीन का पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परबत्ता विधायक बाबूलाल सौर्य के साथ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभुकों के बीच पर्चा वितरित किया। पर्चा हाथ में आते ही लाभुक परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष की झलक साफ दिखाई दी।
विधायक बाबूलाल सौर्य ने कहा कि जमीन का पर्चा महज कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के लिए अपने घर, अपने अधिकार और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद है। आजादी के अमृत पर्व पर जरूरतमंदों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

बीडीओ संतोष कुमार पंडित ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा उपलब्ध कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पात्र लाभुकों को सरकारी प्रावधानों के तहत उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने लाभुकों से पर्चा मिलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की अपील की।
सीओ हरिनाथ राम ने बताया कि सतीश नगर निवासी सचिन कुमार की पत्नी कल्पना देवी, मोनी कुमारी, आवंती देवी, कल्पना देवी समेत कुल 30 भूमिहीन जरूरतमंद लोगों के बीच जमीन का पर्चा वितरित किया गया। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को चिह्नित कर उन्हें सरकारी भूमि संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
कार्यक्रम में पर्चा मिलने के बाद लाभुकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। कई लाभुकों ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद जमीन का पर्चा मिलना उनके लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। अपने घर के सपने को साकार करने की उम्मीद ने उनके चेहरों पर खुशी ला दी।

मौके पर नगर पंचायत परबत्ता के चेयरमैन प्रतिनिधि रंजीत साह, लोजपा प्रवक्ता रुपेश कुमार उर्फ पिंटू, मनोज चौधरी समेत दर्जनों जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
