निर्वाचन आयोग की केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ बैठक

जे टी न्यूज़,नई दिल्ली(डॉ.समरेंद्र पाठक वरिष्ठ पत्रकार) : चुनाव आयोग ने असम,केरल एवं पुडुचेरी में आगामी 9अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावो को लेकर केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ कल वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चुनाव आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू और डॉ.विवेक जोशी ने हिस्सा लिया।इस बैठक में इन राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारी भी शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार आयोग ने पर्यवेक्षकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तथा किसी भी प्रकार की धमकी, हिंसा और प्रलोभन से मुक्त उत्साहपूर्ण माहौल में हो।आयोग ने आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन और इसके उल्लंघन की किसी भी शिकायत के मामले में त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया।
सूत्रों ने बताया कि पर्यवेक्षकों से कहा गया कि वे अपने संपर्क नंबर–लोगों/राजनीतिक दलों/उम्मीदवारों या उनके प्रतिनिधियों से शिकायतें सुनने के स्थान और समय के लिए सार्वजनिक रूप से प्रचारित करें।
उन्हें यह भी निर्देश दिया गया कि वे इस बात की निगरानी करें कि पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण भलीभांति हुआ है या नहीं, जिसमें ईसीआईएनईटी के मतदाता मतदान मॉड्यूल पर प्रत्येक 2 घंटे और मतदान समाप्त होने के समय मतदान और अन्य डेटा समय पर भरना सुनिश्चित किया जा सके।


