महाराष्ट्र में युवक की निर्मम हत्या, चार दिन बाद गांव पहुंचा शव, विभूतिपुर में मातम
महाराष्ट्र में युवक की निर्मम हत्या, चार दिन बाद गांव पहुंचा शव, विभूतिपुर में मातम

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के कराई रूपौली पंचायत के वार्ड संख्या 1 निवासी मो० इस्लाम के 22 वर्षीय पुत्र मो० कलामत, जो महाराष्ट्र में मजदूरी का काम करता था, की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 10 बजे मृतक ने अपनी पत्नी शहनाज़ खातून को फोन किया। फोन पर वह घबराया हुआ था और उसने कहा, “मुझे मार देगा… मैं टैंक के पीछे छिपा हूं…” इसके बाद अचानक कॉल कट गया।
घबराई पत्नी शहनाज़ खातून तुरंत ठेकेदार के घर पहुंची, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद घर के बाहर लगे बोर्ड से ठेकेदार का नंबर लेकर संपर्क किया गया।
बताया जाता है कि ठेकेदार गणेशी ठाकुर के पुत्र अखिलेश ठाकुर से बात होने पर उन्होंने कहा कि “सामान्य झगड़ा हुआ था, जो अब सुलझ गया है और कलामत सो रहा है।”
लेकिन करीब दो घंटे बाद फिर कॉल आया, जिसमें बताया गया कि कलामत की मौत हो चुकी है। इस सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

महाराष्ट्र से शव को गांव लाने में करीब चार दिन का समय लग गया। आज, शुक्रवार की सुबह लगभग 8:00 बजे मृतक का शव गांव पहुंचा। शव के पहुंचते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इसके बाद दोपहर करीब 2:00 बजे नम आंखों के बीच मो० कलामत को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है—
4 वर्षीय मो० रेहान (दिल में छेद, इलाज जारी)
3 वर्षीय मो० आरिफ
1.5 वर्षीय मो० साहिल
मृतक पांच भाइयों में से एक था। उसके भाइयों के नाम हैं—मो० फिरोज़, मो० सिराज, मो० छोटू और मो० सलामत।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

