उत्तर बिहार के यात्रियों की बड़ी मांग: वंदे भारत ट्रेन का पाटलीपुत्र में ठहराव हो, जदयू ने रेल मंत्री से लगाई गुहार”

उत्तर बिहार के यात्रियों की बड़ी मांग: वंदे भारत ट्रेन का पाटलीपुत्र में ठहराव हो, जदयू ने रेल मंत्री से लगाई गुहार”


जे टी न्यूज़, समस्तीपुर: उत्तर बिहार के यात्रियों की सुविधा को लेकर जनता दल (यू) के जिला अध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 26301 एवं 26302 के पाटलीपुत्र जंक्शन पर ठहराव की मांग की है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान में यह ट्रेन जोगबनी से दानापुर तक संचालित हो रही है, लेकिन पाटलीपुत्र स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में डॉ. राय ने उल्लेख किया है कि यह ट्रेन सीमावर्ती क्षेत्र सहित उत्तर बिहार के सात जिलों को पटना से जोड़ती है। बावजूद इसके पाटलीपुत्र स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को दानापुर उतरकर पटना आना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। उन्होंने कहा कि पटना स्थित उच्च न्यायालय, सचिवालय, आईजीआईएमएस, पीएमसीएच और अन्य प्रमुख संस्थानों में आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार यात्रियों का एक दिन में काम पूरा नहीं हो पाता, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च और समय की परेशानी झेलनी पड़ती है। डॉ. दुर्गेश राय ने पत्र में यह भी कहा कि पाटलीपुत्र जंक्शन पर ठहराव नहीं होने से लोग ट्रेन की बजाय बस यात्रा को प्राथमिकता देने लगे हैं

जिससे रेलवे को भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने मांग की कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए वंदे भारत ट्रेन का तत्काल पाटलीपुत्र जंक्शन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य में इसे पटना जंक्शन तक विस्तारित करने पर भी विचार किया जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, राज्यसभा सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, समस्तीपुर सांसद एवं पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के महाप्रबंधक को भी भेजी गई है।

Related Articles

Back to top button