जोरगामा में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण
जोरगामा में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण

जे टी न्यूज़, मुरलीगंज मधेपुरा : टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर जोरगामा में बुधवार को पांच टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जोरगामा पंचायत के मुखिया जितेंद्र कुमार उर्फ टुनटुन साह ने गोद लिए गए मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि पिछले छह माह से वे टीबी मरीजों को नियमित रूप से पोषण किट उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दवा के साथ पौष्टिक आहार भी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर पोषण सामग्री का वितरण किया जा रहा है। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को निःशुल्क दवा उपलब्ध कराने के साथ प्रतिमाह एक हजार की पोषण सहायता राशि भी दी जाती है। इसके बावजूद कई जरूरतमंद मरीजों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता है। ऐसे में निश्चय मित्रों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पोषण सामग्री मरीजों के स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण और देखभाल में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान बीएचएम संजीव सिन्हा, बीएमसी सुजीत कुमार शास्त्री, सरपंच प्रतिनिधि प्रियवत पासवान एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी उपस्थित रहे।


