चौसा में नम आंखों से माता रानी को विदाई, जयकारों के बीच भक्तों ने दी अगले बरस आने की भावुक पुकार
विसर्जन जुलूस में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, ढोल-नगाड़ों और जय माता दी के जयघोष से गूंजती रहीं सड़कें
चौसा में नम आंखों से माता रानी को विदाई, जयकारों के बीच भक्तों ने दी अगले बरस आने की भावुक पुकार
विसर्जन जुलूस में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, ढोल-नगाड़ों और जय माता दी के जयघोष से गूंजती रहीं सड़कें
जे टी न्यूज, अंसार आलम चौसा (मधेपुरा):
शारदीय नवरात्र के बाद मां दुर्गा की विदाई का पल श्रद्धा, आस्था और भावनाओं से सराबोर नजर आया। चौसा प्रखंड मुख्यालय स्थित मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान माहौल भक्तिमय होने के साथ भावुक भी हो उठा। नौ दिनों तक मां की आराधना में लीन रहे श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता रानी को विदा किया और अगले बरस फिर आने की प्रार्थना की।
वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर में इस वर्ष मां दुर्गा के साथ-साथ काली मां की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। मंदिर में मां दुर्गा, काली मां, लक्ष्मी, सरस्वती, गणेश, कार्तिकेय स्वरूप और महिषासुर सहित कुल 7 प्रतिमाएं एक साथ स्थापित थीं।
गुरुवार को विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। सभी प्रतिमाओं को दुर्गा मंदिर परिसर के चारों ओर चक्कर लगाकर जयकारों के साथ ट्रैक्टर पर सवार कर आदर्श टोला, चौसा बस्ती, लालजी टोला, डोमासी, काली स्थान, अस्पताल चौक, बस स्टैंड, गांधी चौक, सोनार पट्टी, मुख्य बाजार, सिनेमा हॉल होते हुए खोखन टोला से कृष्ण टोला छठ घाट पोखर में विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना कर विसर्जित किया गया।
ढोल-नगाड़ों की गूंज एवं भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालु ‘जय माता दी’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के उद्घोष लगाते नजर आए।
पुलिस रही मुस्तैद
विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। मौके पर एसडीएम पंकज कुमार घोष, डीएसपी पवन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, अपर थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार, एसआई विद्यासागर कुमार, एएसआई विनय कुमार के साथ पुलिस बल तैनात रहे। मौके पर पूजा समिति सदस्य अनिल मुनका, पूर्व मुखिया सूर्य कुमार पटवे, मुखिया प्रतिनिधि संजय यादव, मनोज पासवान, रफीक आलम सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।



