कल्याणपुर के सपना हॉस्पिटल में नवजात की मौत पर बवाल, परिजनों का हंगामा
कल्याणपुर के सपना हॉस्पिटल में नवजात की मौत पर बवाल, परिजनों का हंगामा
प्रसव के बाद नवजात को समस्तीपुर किया गया था रेफर
इलाज के दौरान हुई मौत; पुलिस जांच में जुटी, स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्रवाई का दिया आश्वासन

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर/कल्याणपुर: कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप स्थित सपना हॉस्पिटल में प्रसव के बाद एक नवजात शिशु की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने नवजात के शव को अस्पताल परिसर में रखकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृत नवजात के पिता, चकमहेशी थाना क्षेत्र के शिवनगर वार्ड-4 निवासी कुंदन कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी अनु कुमारी को प्रसव के लिए सपना हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। प्रसव के बाद नवजात की हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रबंधन ने प्राथमिक उपचार के बाद समस्तीपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि नवजात का समय पर समुचित इलाज नहीं किया गया। उनका यह भी कहना है कि हंगामे के दौरान अस्पताल के डॉक्टर समेत अन्य स्टाफ अस्पताल छोड़कर चले गए।
घटना की सूचना पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बी.के. ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट सिविल सर्जन को भेजी जाएगी। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने अस्पताल संचालक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का आरोप भी शामिल है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

