समस्तीपुर की ‘वाइल्ड कार्ड’ एंट्री बनी उपलब्धि की कहानी, सुभीत कुमार सिंह को ‘फेस ऑफ ट्रेनर’ सम्मान

समस्तीपुर की ‘वाइल्ड कार्ड’ एंट्री बनी उपलब्धि की कहानी, सुभीत कुमार सिंह को ‘फेस ऑफ ट्रेनर’ सम्मान

 

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: 26 जिलों के मंच पर पांच मिनट की प्रस्तुति ने बनाई खास पहचान, प्रशिक्षण कौशल और प्रभावी संवाद के प्रदर्शन पर मिला सम्मान
समस्तीपुर : राज्यस्तरीय योजना निर्माण कार्यशाला में समस्तीपुर की विशेष मौजूदगी ने जिले के लिए एक नई उपलब्धि जोड़ दी। शैक्षणिक सत्र 2026–27 में इक्विटी संभाग के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से होटल मौर्या, पटना में यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय आवासीय योजना निर्माण कार्यशाला में पी.आर. इंटर विद्यालय कर्पूरीग्राम के विशिष्ट शिक्षक एवं स्टेट ट्रेनर सुभीत कुमार सिंह को ‘फेस ऑफ ट्रेनर’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। कार्यशाला में कुल 26 जिलों की सहभागिता रही। विशेष बात यह रही कि निर्धारित प्रतिभागी सूची में प्रारंभिक रूप से समस्तीपुर जिला शामिल नहीं था। पिछले सत्र में जिले के बेहतर प्रदर्शन तथा विभिन्न इक्विटी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को देखते हुए समस्तीपुर को विशेष ‘वाइल्ड कार्ड एंट्री’ प्रदान की गई। इसी के तहत जिले की ओर से प्रतिनिधित्व के लिए सुभीत कुमार सिंह का चयन किया गया।
मौके पर उन्होंने बिना किसी पूर्व तैयारी के महज 20 मिनट में समस्तीपुर से संबंधित प्रस्तुति तैयार कर प्रस्तुत की। इसके बाद विषयवार संवाद, समूह-चर्चा और योजना निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करते हुए उन्होंने जिले के अनुभव, कार्यप्रणाली और आगामी रणनीति को प्रभावी ढंग से सामने रखा। कार्यशाला में 12 जिलों के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, 10 जिलों के प्रोग्रामिंग ऑफिसर तथा इक्विटी संभाग के सदस्यों की मौजूदगी रही। इस दौरान एडोलिसेंट प्रोग्राम फॉर गर्ल्स, करियर गाइडेंस, फाइनेंशियल एवं डिजिटल लिटरेसी, सेल्फ-एस्टीम एवं बॉडी कॉन्फिडेंस तथा ड्रग्स एवं सब्सटेंस एब्यूज की रोकथाम जैसे विषयों पर कार्ययोजना, क्रियान्वयन और अनुश्रवण को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
‘फेस ऑफ ट्रेनर’ के चयन में प्रशिक्षण कौशल, विषय की समझ, प्रभावी संवाद, प्रस्तुतीकरण, समय-प्रबंधन, अनुशासन, बॉडी लैंग्वेज तथा समूह के साथ सहभागिता जैसे विभिन्न मानकों को आधार बनाया गया। इन मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सुभीत कुमार सिंह को यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, डीपीओ, समग्र शिक्षा शुभम कसौधन एवं इक्विटी संभाग प्रभारी सुजीत कुमार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं चेंज मेकर ग्रुप से जुड़े शिक्षकों एवं सहकर्मियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।


सुभीत कुमार सिंह ने सम्मान को नई जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि राज्यस्तरीय मंच पर समस्तीपुर का प्रतिनिधित्व करना स्वयं में सीखने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान आगे प्रशिक्षण की गुणवत्ता, नवाचार और विद्यालय स्तर पर कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए और बेहतर प्रयास करने की प्रेरणा देगा।

Related Articles

Back to top button