शिक्षाकर्मियों की समस्यायों के निदान हेतु सभापति को ज्ञापन सौंपा : फैक्टनेब
शिक्षाकर्मियों की समस्यायों के निदान हेतु सभापति को ज्ञापन सौंपा : फैक्टनेब

जे टी न्यूज पटना :
राज्य के अनुदानित संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों के शिक्षाकर्मियों की विभिन्न समस्यायों के निदान हेतु बिहार राज्य संबद्ध डिग्री महाविद्यालय शिक्षक शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ (फैक्टनेब) का प्रतिनिधिमंडल आज विधान परिषद सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह के सरकारी आवास में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा एवं समस्याओं से अवगत कराते हुए निदान की दिशा में कारगर पहल की अपील किया।
फैक्टनेब के अध्यक्ष डॉ शंभुनाथ प्रसाद सिन्हा एवं महासचिव प्रो राजीव रंजन के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल को सभापति महोदय ने आश्वस्त किया कि आपकी न्यायोचित मांगों की पूर्ति हेतु अतिशीघ्र विभागीय मंत्री, अधिकारियों, वित्त मंत्री, विधान पार्षदों एवं संगठन के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर न्यायोचित कार्रवाई की जायेगी।

फैक्टनेब के मीडिया प्रभारी प्रो अरुण गौतम ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि महासंघ के मुख्य मार्गों में शैक्षणिक सत्र 2014- 2017 से 2021-2024 कुल आठ शैक्षणिक सत्र का परीक्षा परिणाम आधारित बकाया अनुदान राशि (इन्टर खण्ड सहित) सुद सहित डेढ़ करोड़ की बंधेज को समाप्त करते हुए एकमुश्त सुद सहित भुगतान करने, संबद्ध डिग्री महाविद्यालयों को अंगीभूति/ घाटानुदानित करने या सम्मानजनक वेतन प्रतिमाह भुगतान करने , राज्य सरकार के संकल्प संख्या 15/एम -197 /2014 के विरुद्ध दायर याचिका 11135/2023 में दिनांक 10/8/2023 को पारित न्यायादेश के आलोक में सभी वर्गों की छात्राओं एवं एस. सी. / एस. टी. के विद्यार्थियों को महाविद्यालय द्वारा लिया गया नामांकन राशि को उनके बैंक खाते में अन्य योजनाओं की तरह स्थानांतरित किया जाये आदि शामिल है।
फैक्टनेब नेताओं ने बताया कि शिक्षाकर्मियों की समस्यायों को लेकर राज्यव्यापी आन्दोलन की पुरजोर तैयारी की जा रही है। आन्दोलन की रुपरेखा की घोषणा शीघ्र की जायेगी।


