बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय समस्तीपुर में श्रद्धांजली कार्यक्रम का आयोजन
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय समस्तीपुर में श्रद्धांजली कार्यक्रम का आयोजन
जे टी न्यूज, समस्तीपुर-
भारत रत्न बाबा साहेब डा0 भीमराव अंबेडकर जी की 135वीें जयंती के उपलक्ष्य में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय समस्तीपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री विनय श्रीवास्तव द्वारा बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई एवं उनके समता, सशक्तिकरण व प्रगति के आदर्शों का स्मरण किया गया।
कार्यक्रम में मंडल के शाखाधिकारियों व अन्य अधिकारियों सहित, यूनियन तथा एससी/एसटी एशोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा भी बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि समानता, न्याय और बंधुत्व के विचारों से करोड़ों नागरिकों को स्वर और शक्ति देने वाले प्रबुद्ध समाज सुधारक, राष्ट्र प्रबोधक, भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने समाज में समानता, न्याय एवं समरसता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था । बाबा साहब की जयंती दिवस को विश्व में समानता दिवस और ज्ञान दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। क्योंकि जीवन भर समानता के लिए संघर्ष करने वाले बाबा साहब को समानता और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है । बाबा साहब को किसी जाति, धर्म, क्षेत्र, संप्रदाय आदि में बांधकर नही रखा जा सकता है क्योंकि उन्होंने न केवल दबे-कुचले समाज को मुख्य धारा में शामिल करने के लिए आवाज उठाई और मार्ग प्रशस्त किया बल्कि अर्थव्यवस्था, महिला उत्थान एवं सामाजिक सुधारों के क्षेत्र में भी अनेक कार्य किए जिससे हमारी आर्थिक व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक क्षेत्र में काफी सुधार हुआ ।
मण्डल रेल प्रबंधक महोदय ने कहा कि बाबा साहब के जयंती के उपलक्ष्य में हमें यह प्रण लेना है कि उनके बताए गए प्रगतिशील मूल्यों का पालन करते हुए हम देश, समाज को ज्यादा समावेशी, ज्यादा प्रगतिशील बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करते रहेंगे ।

