पोदार इंटरनेशनल स्कूल, समस्तीपुर में आयोजित १०वें दो दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह का हुआ सफल समापन
पोदार इंटरनेशनल स्कूल, समस्तीपुर में आयोजित १०वें दो दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह का हुआ सफल समापन

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: पोदार इंटरनेशनल स्कूल, समस्तीपुर में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन दिनांक १३ व १४ फरवरी २०२६ को किया गया। जिसमें कार्यक्रम के पहले दिन
पोडार प्रेप के वार्षिक समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसका विषय “सुर और साज का संगम – जम्बो के संग” रखा गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, रंग-बिरंगे परिधानों और मधुर संगीत से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अखवारी नील किशोर सिंहा, उप प्रधानाचार्य श्री चंदन कुमार चौधरी व पोदार प्रेप की हेड मिस्ट्रेस श्रीमती रश्मि चंदेल जी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वागत नृत्य के साथ किया गया। समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नृत्य और संगीत के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। बच्चों ने पंजाब, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश , गुजरात, बंगाल, महाराष्ट्र, दक्षिण भारत एवं अन्य राज्यों के पारंपरिक लोकनृत्यों और गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “जम्बो” के साथ बच्चों की रंगीन और सजीव प्रस्तुतियाँ रहीं, जिसने बच्चों और अभिभावकों दोनों को अत्यंत आनंदित किया। नन्हे कलाकारों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और अनुशासन ने सभी को प्रभावित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अखवारी नील किशोर सिंहा जी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया।
यह वार्षिक समारोह सभी के लिए एक यादगार अनुभव रहा और बच्चों की प्रतिभा व भारत की सांस्कृतिक विविधता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
इसके उपरांत कक्षा 1 से 5वीं तक के विद्यार्थियों का वार्षिकोत्सव समारोह आरम्भ हुआ जिसका विषय “The Guardian of Happy Woods” था , जिसमें कक्षा 1 से 5 के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने जंगल और प्रकृति की सुरक्षा से जुड़े संदेश को नृत्य, संगीत और अभिनय के माध्यम से सुंदर रूप में प्रस्तुत किया। इसके साथ ही, मंच के सामने निधि कुमारी द्वारा एक रंगोली बनाई गई थी । यह सुंदर और आकर्षक रंगोली कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही, जिसने समारोह स्थल की शोभा में चार चांद लगा दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सर्वोच्च उपस्थिति (Highest Attendance) के लिए सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
पहले दिन के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अखवारी नील किशोर सिन्हा जी रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य श्री चंदन कुमार चौधरी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया इसके साथ ही पहले दिन के कार्यक्रम संपन्न हुए ।

दिनांक १४ फरवरी २०२६ को विद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह के दूसरे दिन का शुभारंभ हुआ जिसका विषय “The Story Quilt: Every Stitch Tells a Story” था । जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवन की विविध कहानियों और भावनाओं को मंच पर उकेरा। बच्चों की नृत्य, नाटक और संगीत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
वार्षिकोत्सव समारोह कार्यक्रम के दूसरे दिन की मुख्य अतिथि सुश्री जूही कुमारी (आर्ट एवं कल्चरल सचिव, समस्तीपुर) रहीं, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अपनी संस्कृति और कला से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
दूसरे दिन के कार्यक्रम में विशेष अतिथि श्री धीरज कंठ जी रहे ।
जिन्होंने भजन और ग़ज़ल प्रस्तुत कर बच्चों और दर्शकों को उत्साहित एवं प्रेरित किया, जिससे पूरा वातावरण संगीतमय हो गया और दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में दूसरे दिन के सफल संचालन के लिए विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य श्री चंदन कुमार चौधरी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। इसके साथ ही विद्यालय के १०वें वार्षिकोत्सव समारोह का सफल समापन हुआ।




