बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी विधानसभा की सुरक्षा बढ़ाई गई
बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी विधानसभा की सुरक्षा बढ़ाई गई 
जे टी न्यूज़, पटना : बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। शुक्रवार को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद विधानसभा की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया । दरअसल, विधानसभा सचिवालय को एक ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी गई, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई और मौके पर डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता टीम पहुंचकर जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ई-मेल 13 मार्च को सचिवालय के आधिकारिक ईमेल पर प्राप्त हुआ। धमकी की जानकारी मिलते ही विधानसभा परिसर में अफरा-तफरी का मच गई। इसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक बुलाई। इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मामले की पूरी जानकारी राज्य के शीर्ष अधिकारियों तक तुरंत पहुंचाई जाए। बैठक के दौरान अध्यक्ष ने प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि इस घटना की सूचना तुरंत राज्य के मुख्य सचिव और बिहार के पुलिस महानिदेशक को दी जाए। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत जांच शुरू करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विधानसभा परिसर की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर और आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विधानसभा भवन में आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। हर गाड़ी और व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। सुरक्षा एजेंसियां अब उस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में लगी हैं, जिसके जरिए यह धमकी भेजी गई। साइबर एक्सपर्ट भी इस जांच में शामिल किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि धमकी देने वाला कौन है और उसने यह मेल कहां से भेजा। अधिकारियों के मुताबिक विधानसभा की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी वजह से पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं और जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वरीय अधिकारियों की सूचना पर पुलिस के अधिकारी और अन्य जांच एजेंसियां विधानसभा पहुंची और उनकी देखरेख में पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और विधानसभा परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।


