नाटक विषय को एसटीईटी में शामिल करने की मांग, नाट्यकर्मियों ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

नाटक विषय को एसटीईटी में शामिल करने की मांग, नाट्यकर्मियों ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

जे टी न्यूज, मधेपुरा :
जिले के नाट्यकर्मियों ने शुक्रवार को नाटक विषय को एसटीईटी में शामिल करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी को मांग पत्र सौंपा।
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से नाट्यशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त सुनीत साना, अमित आनंद, अमित कुमार अंशु सहित अन्य नाट्यकर्मियों ने कहा कि वर्तमान में कला के कई विषयों को एसटीईटी में शामिल किया गया है, लेकिन नाटक विषय को इसमें जगह नहीं मिली है। इससे नाटक एवं रंगमंच के क्षेत्र में डिग्रीधारी युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

नाट्यकर्मियों का कहना है कि यदि नाटक विषय को एसटीईटी में शामिल किया जाता है तो इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और स्कूलों में कला व संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।

उन्होंने बताया कि सभी नाट्यकर्मी मधेपुरा जिले के निवासी हैं और ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी से नाट्यशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है, लेकिन उन्हें सरकारी स्तर पर कोई अवसर नहीं मिला है।

नाट्यकर्मियों ने सरकार से आग्रह किया कि नाटक विषय को एसटीईटी में शामिल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि नाटक एवं रंगमंच से जुड़े डिग्रीधारी युवाओं को भी रोजगार का अवसर मिल सके।

Related Articles

Back to top button