पूर्व मध्य रेलवे मंडल की आय में 23% वृद्धि, यात्री संख्या में भी बढ़ोतरी
पूर्व मध्य रेलवे मंडल की आय में 23% वृद्धि, यात्री संख्या में भी बढ़ोतरी

जे टी न्यूज, समस्तीपुर: पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में वाणिज्यिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंडल की कुल आय ₹1488.06 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 23.06% अधिक है। वहीं यात्री संख्या बढ़कर 608.34 लाख हो गई, जो 20.13% की वृद्धि दर्शाती है।
मंडल के अनुसार यात्री आय में भी मजबूत सुधार हुआ है। कुल यात्री आय ₹1220.23 करोड़ रही, जिसमें आरक्षित (PRS) से ₹747.10 करोड़ और अनारक्षित (Non-PRS) से ₹473.13 करोड़ की आय शामिल है। दोनों श्रेणियों में क्रमशः लगभग 29.59% और 25.31% की वृद्धि दर्ज की गई है।
यात्रियों की संख्या में वृद्धि के साथ ही टिकट जांच अभियान के जरिए 7.93 लाख मामलों से ₹56.84 करोड़ की आय प्राप्त हुई, जो राजस्व संरक्षण के क्षेत्र में सक्रियता को दर्शाता है। इसके अलावा सहायक (Sundry) आय में 37% से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है, जिसे बेहतर वाणिज्यिक प्रबंधन का परिणाम माना जा रहा है।
हालांकि माल परिवहन से आय लगभग स्थिर रही और ₹213 करोड़ के आसपास दर्ज की गई, जिससे संकेत मिलता है कि इस क्षेत्र में और सुधार की संभावनाएं बनी हुई हैं।
रेल प्रशासन का कहना है कि स्टेशनों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय और डिजिटल सुविधाओं में सुधार के प्रयासों का सकारात्मक असर यात्रियों की संख्या और राजस्व दोनों पर पड़ा है। मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों को इस प्रगति का आधार बताया गया है।
मंडल प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी बेहतर सेवाओं और प्रभावी प्रबंधन के जरिए इस वृद्धि दर को बनाए रखा जाएगा।

