कस्तूरबा विद्यालय में जयन्ती सह नामांकन अभियान का आयोजन, वर्ग 6 व 9 में प्रवेश शुरू जे टी न्यूज, समस्तीपुर :
कस्तूरबा विद्यालय में जयन्ती सह नामांकन अभियान का आयोजन, वर्ग 6 व 9 में प्रवेश शुरू
जे टी न्यूज, समस्तीपुर :

शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार को जयन्ती सह नामांकन अभियान सत्र 2026-27 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के पोषक क्षेत्र से अभिभावकों को आमंत्रित किया गया, जहां उन्हें बालिका शिक्षा के महत्व एवं विद्यालय की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ बीईओ रामजन्म सिंह द्वारा विद्यालय परिसर में पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं के लिए संचालित किया जा रहा है, ताकि उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्ग 6 एवं वर्ग 9 में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसके तहत पात्र छात्राओं का चयन किया जा रहा है। बीईओ ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को शिक्षा से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखें। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा के साथ-साथ पाठ्य सामग्री, पुस्तकें, पोशाक एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संचालक दिनेश प्रसाद सिंह, वार्डन गीता कुमारी, लेखपाल दिनेश कुमार ठाकुर, प्रधानाध्यापक सत्यनारायण आर्य, डाटा ऑपरेटर अभिषेक झा, हीरानंद झा, राजकुमार मुखिया, दर्शन मंडल, गणेश प्रसाद यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं छात्राओं ने भाग लेकर नामांकन प्रक्रिया में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


