हर वार्ड में बनेगी टास्क फोर्स, सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : विजय खेमका
हर वार्ड में बनेगी टास्क फोर्स, सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : विजय खेमका

जे टी न्यूज, पूर्णिया: विधायक विजय खेमका ने शुक्रवार को अपने जनसंपर्क कार्यालय में प्रभारी नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह के साथ नगर निगम क्षेत्र में संचालित दैनिक साफ-सफाई एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एनजीओ के माध्यम से किए जा रहे सफाई कार्यों, फॉगिंग, ब्लीचिंग छिड़काव, कचरा उठाव, नालों की उड़ाही, जल निकासी एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की अद्यतन जानकारी ली गई।
विधायक ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि नगर के प्रत्येक वार्ड में अलग-अलग टास्क फोर्स गठित कर समयबद्ध कार्ययोजना के तहत नियमित साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलजमाव, गंदगी और मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग, ब्लीचिंग एवं नालों की सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
*कार्यालय से निकलकर मैदान में उतरें अधिकारी*
विधायक खेमका ने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं वार्डों का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने प्रतिमाह दो करोड़ रुपये से अधिक भुगतान प्राप्त करने वाली एनजीओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
*अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई*
उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम के सभी विकास कार्य नियमों के अनुरूप एवं पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएं। यदि किसी भी कार्य में अनियमितता, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित पदाधिकारी एवं एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
*सहयोग शिविरों के आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन करें*
विधायक ने प्रभारी नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि वार्डों में आयोजित सरकारी सहयोग शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
*विधायक प्रतिनिधियों की सूची सौंपी*
बैठक के दौरान विधायक विजय खेमका ने नगर निगम के लिए पवन भगत को विधायक प्रतिनिधि मनोनीत करते हुए सभी वार्डों के विधायक प्रतिनिधियों की सूची प्रभारी नगर आयुक्त को सौंप दी। साथ ही विद्युत विभाग के लिए राजेश गोस्वामी को विधानसभा विधायक प्रतिनिधि तथा जय किशन साह (पूर्णिया ईस्ट), सोनू सिंह (पूर्णिया वेस्ट) और उमेश दास (पूर्णिया मध्य) को क्षेत्रीय प्रतिनिधि मनोनीत कर उनकी सूची आवश्यक समन्वय एवं कार्रवाई के लिए बिजली विभाग को भेजी।
