संत पॉल टीचर्स’ ट्रेनिंग कॉलेज में मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रम का शुभारंभ

संत पॉल टीचर्स’ ट्रेनिंग कॉलेज में मतदाता जागरूकता एवं निर्वाचन साक्षरता कार्यक्रम का शुभारंभ

जे टी न्यूज़, बिरसिंहपुर, समस्तीपुर : लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से संत पॉल टीचर्स’ ट्रेनिंग कॉलेज, वीरसिंहपुर, समस्तीपुर (नैक मान्यता प्राप्त बी.प्लस प्लस ग्रेड एवं स्वायत्त उच्च शिक्षण संस्थान) में 24 से 29 जुलाई, 2026 तक “चुनावी साक्षरता और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान के अधिकार एवं नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक एस. एम. तहसीन आलम क़ादरी के स्वागत एवं विषय-प्रवेश से हुआ। उन्होंने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। एक जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति होता है। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापिका डॉ. अर्पणा कुमारी ने लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदाता जागरूकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर बी.एड. प्रशिक्षुओं ने निर्वाचन संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। प्रशिक्षु अदिति शर्मा ने भारतीय संविधान एवं मतदान के संवैधानिक अधिकार, रोशन कुमार ने निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं उत्तरदायित्व, अभिषेक कुमार ने मतदाता सूची की तैयारी एवं मतदाता बनने की योग्यता तथा शालिनी प्रिया ने ईवीएम, वीवीपैट एवं सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्ट्रोरल पार्टिसिपेशन (सी.वी.इ.इ.पी.) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। महाविद्यालय की सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रतिभा राय ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि युवा मतदाता ही भारत के लोकतांत्रिक भविष्य के वास्तविक निर्माता हैं।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपील की कि वे स्वयं मतदान करें और समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब प्रत्येक नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करेगा। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता से संबंधित पोस्टर, स्लोगन एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के तकनीकी समन्वय का दायित्व नंदकिशोर कुमार ने निभाया, जबकि फोटोग्राफी की जिम्मेदारी सूरज कुमार एवं कुमार सौरव ने संभाली। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस छह दिवसीय अभियान के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता, मतदाता पंजीकरण, ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रदर्शन, लोकतांत्रिक मूल्यों पर परिचर्चा तथा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षु अपने-अपने क्षेत्रों में भी मतदाता जागरूकता के प्रभावी दूत बन सकें। “एवरी वोट काउंट्स, एवरी वॉयस मैटर्स” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में सक्रिय नागरिक सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button