मधेपुरा में दिखा बंद का मिला जुला असर, 17 छात्र गिरफ्तार
शाम में थाना से मुक्त किए गए प्रदर्शनकारी
मधेपुरा में दिखा बंद का मिला जुला असर, 17 छात्र गिरफ्तार
शाम में थाना से मुक्त किए गए प्रदर्शनकारी

जे टी न्यूज, मधेपुरा :
नीट पेपर लीक मामले, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा आंदोलनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को बिहार बंद का मधेपुरा में मिलाजुला असर देखने को मिला। बंद के दौरान विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर के कॉलेज चौक पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुबह करीब 9.30 बजे विभिन्न छात्र संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता कॉलेज चौक पर एकत्र हुए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मौके पर लगाए गए पुलिस बैरिकेडिंग को भी हटा दिया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब छात्र सड़क खाली करने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। इनमें विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ता शामिल थे।

एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि 17 छात्रों को हिरासत में लेकर सदर थाना लाया गया है। बाद में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।
मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार, एएसपी प्रवेंद्र भारती, सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी करते रहे। छात्र संगठनों का कहना है कि वे नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा विभिन्न राज्यों में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बिहार बंद का समर्थन कर रहे हैं। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। शाम में गिरफ्तार छात्रों को छोड़ दिया गया l

