उदाकिशुनगंज: पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती पर याद किए गए उनके जन-कल्याणकारी कार्य

उदाकिशुनगंज: पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती पर याद किए गए उनके जन-कल्याणकारी कार्य

जे टी न्यूज/उदाकिशुनगंज (मधेपुरा):
अनुमंडल मुख्यालय स्थित ग्लोबल फाउंडेशन ट्रस्ट एवं ग्लोबल हॉस्पिटल परिसर में शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रखर समाजवादी नेता रामविलास पासवान की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें गरीबों का मसीहा बताया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के जिला महासचिव डॉ. परवेज आलम ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। उन्होंने रामविलास पासवान के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए कहा कि, स्वर्गीय पासवान का संपूर्ण राजनीतिक जीवन दलितों, पिछड़ों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के हक की लड़ाई के लिए समर्पित रहा। डॉ. आलम ने आगे कहा कि सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा नई पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक का कार्य करती है। उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि वे पासवान जी के बताए आदर्शों को अपनाएं और समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए तत्पर रहें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि रामविलास पासवान के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं,

जितने उनके जीवनकाल में थे। उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों और वंचित वर्गों की आवाज़ को संसद तक पहुँचाने के साहसिक प्रयासों को हमेशा याद रखा जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अंत में, उनके आदर्शों और विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सचिव प्रिंस कुमार मिठू, दीपक झा, गौतम कुमार, सोनू यादव और डॉ. पी. आलम सहित कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button