पिंटू मंडल के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव, 15 हजार रुपये की दी सहायता
हत्याकांड में शामिल अपराधियों पर कार्रवाई के लिए आईजी से की बात, रामविलास मंडल के परिजनों से भी मिले
पिंटू मंडल के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव, 15 हजार रुपये की दी सहायता
हत्याकांड में शामिल अपराधियों पर कार्रवाई के लिए आईजी से की बात, रामविलास मंडल के परिजनों से भी मिले
जे टी न्यूज़, पूर्णिया : पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव शुक्रवार को बड़हरा कोठी प्रखंड के रघुवंशनगर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर भित्ता टोला, वार्ड संख्या-08 पहुंचे। यहां उन्होंने अपराधियों की हत्या के शिकार हुए बिंदुनाथ मंडल के पुत्र पिंटू मंडल के परिजनों से मुलाकात की। सांसद ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अपनी ओर से 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
इस दौरान सांसद ने पूर्णिया के आईजी से फोन पर बात कर हत्याकांड में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने पर जोर दिया।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि परिवार के सदस्य की हत्या बेहद दुखद घटना है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना जरूरी है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
इसके बाद सांसद बड़हरा कोठी प्रखंड के लक्ष्मीपुर भित्ता टोला निवासी रामविलास मंडल के निधन पर उनके आवास भी पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति सहानुभूति जताई।
इस मौके पर बड़हरा प्रखंड सांसद प्रतिनिधि कौशल यादव, पूर्व मुखिया मणिकांत मंडल, दिलीप मंडल, जेपी साह, राहुल यादव, लवकुश यादव और अनिल मुखिया सहित अन्य लोग मौजूद थे।


