गुरुकुल आइसोलेशन सेंटर विवाद गहराया, जिला प्रशासन घेरे में

कार्यालय, जेटी न्यूज।
समस्तीपुर। गुरुकुल आइसोलेशन सेंटर दादपुर विवाद अब तूल पकड़ने लगा है। राजद ने इस मामले को राजनीति से प्रेरित बताया है। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिला राजद अध्यक्ष राजेंद्र सहनी एवम राजद के प्रांतीय महासचिव फैजुर रहमान फैज ने जिला प्रशासन के इस रवैये पर नाराजगी जाहिर की है।
राजद नेताओं ने प्रशासन को जेडीयू बीजेपी के प्रवक्ता के रूप में काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक महामारी में जहां एक साथ मिल कर कोरोना से लड़ने की जरूरत है, वहीं सत्ता पक्ष द्वारा अपने तंत्र के द्वारा विपक्ष को टारगेट किया जा रहा है।दोनों नेताओं ने कहा कि समस्तीपुर के आस पास और भी कई शिक्षण संस्थान हैं जो घनी आबादी से दूर है।
कर्पूरी ग्राम स्थित महाविद्यालय एवं उच्च विद्यालय का नाम लेते हुए कहा की यहाँ आम जनों का आना जाना प्रायः शून्य है। किन्तु चुकी वो संस्थान सत्ता धारी दल के एक राजनेता से सम्बंधित है, इसलिये प्रशासन उसको लेने की चेष्टा भी नही कर रहा।
राजद नेताओ ने जिला प्रशासन से आइसोलेशन सेंटर का सूची सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट हो जाएगा कि किन किन लोगों ने इस परिस्थिति में सरकार का साथ दिया है। नेता द्वय ने जिला प्रशासन से संकट के इस दौर में राजनीति से प्रेरित कार्रवाई न करने एवम पारदर्शिता के आधार पर कोरोना संकट से निपटने की अपील की है।


