जिला पदाधिकारी अमित कुमार ने चतुर्थ चरण का चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए दिए कई निर्देश
जिला पदाधिकारी अमित कुमार ने चतुर्थ चरण का चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए दिए कई निर्देश
जेटी न्यूज मधुबनी।

अमित कुमार, भा. प्र. से. जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह जिला पदाधिकारी, मधुबनी की अध्यक्षता में नगर भवन, मधुबनी में पंचायत आम चुनाव 2021 के चतुर्थ चरण के लिए नियुक्त सभी जोनल, सेक्टर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आहूत की गई। बताते चलें कि 20 अक्टूबर 2021 को जिले के राजनगर एवं खजौली प्रखंडों में पंचायत चुनाव संपन्न होने हैं। मतदाताओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए राजनगर के कुल 22 पंचायतों के लिए 323 मतदान केंद्र और खजौली के 14 पंचायतों के लिए 192 मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है। इस चरण में जिला परिषद के राजनगर से 3, खजौली से 2, पंचायत समिति सदस्य के राजनगर से 35, खजौली से 18, मुखिया के राजनगर से 22, खजौली से 14, सरपंच पद के लिए राजनगर से 22, खजौली से 14, ग्राम पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत पंचों के क्रमशः 312 तथा 187 पदों पर चुनाव की प्रक्रिया प्रक्रियाधीन है। जिला पदाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित सभी जोनल, सेक्टर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण पंचायत चुनाव संपन्न कराने के लिए कई आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यह एक टीमवर्क है, इसलिए आपलोगों को समन्वय बनाए रखना है। सभी मतदान केंद्रों पर ससमय मतदान प्रारंभ हो इसके लिए मतदान केंद्रों पर समय से ईवीएम मशीन पंहुचना सुनिश्चित करें। मतदान प्रारंभ होने के बाद सक्रियता दिखाते हुए सभी मतदान केंद्रों की गतिविधियों का जायजा लेते रहना आवश्यक है। मतदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के दौरान कंट्रोल रूम से संपर्क में बने रहना है। मोबाइल कभी स्विच ऑफ नहीं होना चाहिए। मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में भीड़ एकत्रित होने नहीं देना है। इसके लिए सभी लोग सजग एवं सचेत रहें। मतदान समाप्ति के लिए 5 बजे का समय निर्धारित किया गया है। यदि किसी भी मतदान केंद्र पर उस समय भी मतदाता कतार में खड़े हैं, तो सबसे पिछले व्यक्ति से एक की संख्या से पर्ची वितरित किया जाय। इसके बाद आने वाले किसी भी व्यक्ति को मतदान में भाग लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जिलाधिकारी ने विधि व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव करवाने के संकल्प पर विशेष रूप से जोर दिया। सत्यप्रकाश, पुलिस अधीक्षक, मधुबनी ने बैठक में उपस्थित सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वाले प्रत्येक शख्स को पहले से चिन्हित किया गया है। उनपर कड़ी कारवाई की जाय। किसी भी बूथ पर यदि किसी गड़बड़ी की आशंका हो तो तुरंत कंट्रोल रूम में सूचना दी जाय, ताकि त्वरित कारवाई की जा सके। मौके पर अवधेश राम, अपर समाहर्ता, मधुबनी, विशाल राज, भा. प्र. से. उप विकास आयुक्त, मधुबनी, सुरेन्द्र राय, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, मधुबनी, शैलेन्द्र कुमार, जिला पंचायतराज पदाधिकारी सह जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, मधुबनी, अश्वनी कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर मधुबनी, राजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर मधुबनी, प्रभाकर तिवारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मुख्यालय मधुबनी के साथ साथ जिले के सभी वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
