महासचिव अशोक प्रसाद सिंह ने किया सभा को सम्बोधित

महासचिव अशोक प्रसाद सिंह ने किया सभा को सम्बोधित
जे टी न्यूज

बेगूसराय :भयानक शीतलहर और हार कपानेवाली कड़ाके की ठंडक के बीच बरौनी खाद कारखाना हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड, बरौनी के मुख्य द्वार पर आज किसानों के जुझारू महाधरना को संबोधित करते हुए बिहार राज्य किसान सभा के महासचिव अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि देश के विकास के लिए हमने अपना कलेजा काट कर, अपना बहुमूल्य, बेशकीमती जमीन देकर अपने छाती पर बरौनी खाद कारखाना लगवाया। परंतु समुद्र मंथन में जिस प्रकार विषपान भगवान शंकर ने किया था, उसी प्रकार हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड, बरौनी के प्रदूषण से प्रदूषित हवा का विषपान कर यहां के लोग बीमार होंगे और बेमौत मरेंगे। कहावत है चिराग तले अंधेरा, बरौनी खाद कंपनी उसी को चरितार्थ करते हुए की बरौनी में यूरिया खाद का उत्पादन हो और बेगूसराय के किसानों के बीच यूरिया खाद के लिए हाहाकार हो। हम अपने आंखों के सामने अपनी फसल को चौपट होते नहीं देख सकते है।इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसीलिए बिहार राज्य किसान सभा की बेगूसराय ईकाई ने आज यहां खाद कारखाना प्रबंधन से अपील करने आयी है

कि बेगूसराय को आवश्यकतानुसार अपना यूरिया खाद की आपूर्ति बरौनी यूनिट से किया जाए। इससे सरकार को यातायात खर्च में भी बचत होगी। यदि हमारी मांगे नहीं मानी जाएगी तो हम आगे की कार्रवाई के लिए बेगूसराय जिलाबासी मजबूर होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड, बरौनी के प्रबंधन एवं सरकार की होगी। उन्होंने कहा किसान विरोधी तीन कानून के खिलाफ किसानों ने लड़कर मोदी सरकार को झुकने के लिए मजबूर किया था। बेगूसराय के किसान भी बरौनी खाद कारखाना प्रबंधन के सामने आंदोलन के माध्यम से अपने मांग को रखा है। जब तक सरकार हमारी मांग नहीं मानेगी लड़ाई जारी रहेगा। 26 जनवरी 2023 को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देश के हर जिला मुख्यालय पर किसान अपनी मांगों को लेकर ट्रैक्टर मार्च निकालेंगे। बेगूसराय के किसानों से भी महासचिव ने 26 जनवरी को विशाल ट्रैक्टर मार्च आयोजित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर आयोजित सभा की अध्यक्षता बिहार राज्य किसान सभा के जिला सचिव अरविंद कुमार सिंह ने की। सभा को संबोधित करते हुए एटक के जिला महासचिव प्रहलाद सिंह ने कहा कि हमारे पुरखों ने अपनी जान से भी प्यारी, खेती के लिए उपजाऊ जमीन को खाद कारखाना के लिए इसलिए दिया था कि सरकार ने विश्वास दिलाया था कि खाद कारखाना में स्थानीय लोगों को नौकरी मिलेगी। परंतु बेगूसराय के बाहर से लोगों को लाकर यहां काम दिया जा रहा है। मगर स्थानीय नौजवान बेरोजगारी की आग में झुलसने के लिए मजबूर है।हमने जमीन दिया है,हमें जीवका चाहिए, इसलिए स्थानीय लोगों को बहाली में प्राथमिकता दी जाए।

सभा को तेघरा के विधायक माननीय राम रतन सिंह, किसान नेता दिनेश सिंह, अशोक राय, युवा नेता शंभू देवा, एटक नेता चंद्र भूषण सिंह उर्फ जुलूम सिंह, जिला उपाध्यक्ष टुनटुन दास, जिला सहायक सचिव मनोज कुमार यादव, पैक्स अध्यक्ष शंकर ईश्वर, विजय कुमार महतो, राजेश कुमार, सुबोध पासवान, गौरी शंकर राय,डाक्टर राम चरित्र महतो एवं नागेंद्र राय पूर्व मुखिया भोला सिंह अशोक सिंह छात्र नेता हसमत आदि ने संबोधित किया। सात सदस्ययी एक प्रतिनिधिमंडल खाद कारखाना के प्रबंधन से मिलकर मांग पत्र समर्पित किया और गंभीरतापूर्वक मांग पत्र पर विचार-विमर्श हुए। प्रबंधन ने किसानों की मांग को अग्रसारित करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में बिहार राज्य किसान सभा के महासचिव अशोक प्रसाद सिंह, प्रहलाद सिंह, दिनेश सिंह, मलखान सिंह, शंकर शर्मा, रामनरेश महतो,नवीन सिंह तथा छात्र नेता राजेश कुमार प्रबंधन से वार्ता में शामिल थे।

Related Articles

Back to top button