बेटे-बेटियों को दें अच्छी शिक्षा, बदल जाएगी समाज की तकदीर : डा. सुनीता
बेटे-बेटियों को दें अच्छी शिक्षा, बदल जाएगी समाज की तकदीर : डा. सुनीता
जे टी न्यूज, विभूतिपुर: आप शिक्षा और स्वास्थ्य को दरकिनार कर जीवन में तरक्की करने की सोच नहीं सकते। कृषि कार्य की राह चलते हुए समाज की तकदीर बदल नहीं सकते। यह बात सत्य है कि किसानों द्वारा खेती-किसानी में जी-तोड़ मेहनत से हमारे थाली तक भोजन मिल पाता हैं। मगर, सर्वांगीन विकास के लिए बेटे-बेटियों को अच्छी शिक्षा देनी ही होगी। उनके सपनों को पंख देने ही होंगे। उक्त बातें आलमपुर डीह स्थित राम कुमार के आवासीय परिसर में मुख्य अतिथि सह कृषि विज्ञान केन्द्र लादा की डायरेक्टर डा. सुनीता कुशवाहा ने कही। वे ‘गौरवशाली बिहार के प्रहरी’ मुहिम में शरीक होने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि बिहार का इतिहास गौरवशाली रहा है। यहां के किसान काफी मेहनती हैं। मौसम आधारित खेती में ससमय खाद-बीज और पानी की उपलब्धता के लिए सरकार ने कई तरह की योजनाएं लाई हैं। इन योजनाओं का लाभ उठाकर किसान कुछ हद तक अपनी स्थिति मजबूत कर सकते हैं। किसानों को सलाह दी कि वे संगठित होकर वैज्ञानिक विधि से खेती की राह पकड़ सकते हैं। क्योंकि, खेती घाटे का सौदा बनती है तो इससे परिवार और समाज दोनों प्रभावित होंगे। ऐसी स्थिति में राज्य और देश की विकास को सरकार की योजनाएं सफलीभूत होने पर संशय है। उन्होंने कृषि आधारित समाज के अंदर पढ़ने-लिखने वाले बच्चों के सपोर्ट में अभिभावक को मजबूती से खड़ा रहने की अपील भी की। विशिष्ट अतिथि “आक्सीजन मैन” के नाम से मशहूर राजेश कुमार सुमन ने अत्यधिक खरपतवार नाशक या कीटनाशक के प्रयोग से होने वाले नुकसान और पर्यावरण व मृदा-प्रदूषण पर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न अवसरों पर पौधरोपण का संस्कार विकसित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर अतिथियों के अलावा सभी आगंतुकों को मोमेंटो, चादर, माला, तिरंगा पट्टा, बैच आदि भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनय भूषण ने की। संचालन किसान सलाहकार प्रेमचंद्र सिंह ने किया। मौके पर पूर्व आत्मा अध्यक्ष रामनाथ सिंह, पूर्व मुखिया चंद्रदेव प्रसाद सिंह, राजाराम महतो, अक्स समस्तीपुरी, राम प्रताप सिंह, अमरजीत कुमार उर्फ मंजीत सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, दिनेश महतो, राम उदय कुमार, दीपक कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, अशोक कुमार महतो, अनिता कुमारी, शोभा कुमारी, सरिता कुमारी, अंजली कुमारी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।



