जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोहतास प्रशासन ने की प्रेस वार्ता
जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोहतास प्रशासन ने की प्रेस वार्ता
जे टी न्यूज, सासाराम (रोहतास) भारत- पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को रोहतास प्रशासन ने एक प्रेस वार्ता की। प्रेस को संबोधित करते हुए जिला अधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिहार सरकार ने सभी अधिकारी और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सभी अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालय में रहने का आदेश दिया गया है और सभी अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।
जिलाधिकारी ने आम जनता से भी अपील किया कि वे घबराएं नहीं और किसी भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में सब कुछ सामान्य चल रहा है और ये सभी कदम केवल एहतियात के तौर पर उठाए जा रहे हैं ताकि जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे। साथ हीं किसी भी तरह की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला प्रशासन को दी जा सकती है। वहीं प्रेस वार्ता को रोहतास पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने भी संबोधित किया और कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। फेक न्यूज व अफवाहों को साझा न करें क्योंकि यह विधि व्यवस्था की समस्या या सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न केवल ऐसी सामग्री पोस्ट करने वाले, बल्कि उसे शेयर या पुनः प्रसारित करने वाले भी कानूनी कार्रवाई के भागी होंगे। एसपी ने यह भी बताया कि सभी महत्वपूर्ण स्थलों, पर्यटक स्थलों, होटल सहित बाहर से आने वाली जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किया जा रहा है। पिछले दो दिनों से पूरे जिले में जगह-जगह वाहन जांच चलाए जा रहे हैं और वरीय अधिकारी भी स्वयं क्षेत्र में निकलकर जांच कर रहे हैं।