विश्व पर्यावरण दिवस पर पुनौरा स्थित फ्रंट एज स्टडी स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
विश्व पर्यावरण दिवस पर पुनौरा स्थित फ्रंट एज स्टडी स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
जे टी न्यूज, सीतामढ़ी : –
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को फ्रंट एज स्टडी स्कूल, पुनौरा में वन विभाग के तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम को नई दिशा और ऊर्जा मिली।
कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी डॉ. अमृता राज, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। स्कूल परिसर में जिलाधिकारी सहित सभी अतिथियों ने पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।इस वर्ष “हरियाली का वादा, लोकतंत्र का इरादा” थीम पर आधारित “मतदाता वृक्षारोपण अभियान” एवं “एक वोट, एक पौधा अभियान” भी इस अवसर पर आरंभ किया गया। इस अभियान के तहत नव मतदाता, महिला मतदाता, युवा, दिव्यांगजन सहित सभी वर्गों को न सिर्फ पर्यावरणीय जिम्मेदारी से जोड़ा गया, बल्कि उन्हें लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया गया।जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा –विश्व पर्यावरण दिवस न केवल प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी की याद दिलाता है, बल्कि यह हमें लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों से भी जोड़ता है। ‘एक वोट, एक पौधा’ जैसे अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को प्रेरित करता है कि वे न सिर्फ मतदान करें, बल्कि पर्यावरण की रक्षा में भी भागीदार बनें।
हमें यह समझना होगा कि हर मतदाता एक जिम्मेदार नागरिक है और हर पौधा हमारे भविष्य की सुरक्षा है।कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यालय के सभा कक्ष में “बच्चों से संवाद” सत्र आयोजित हुआ, जिसमें जिलाधिकारी एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी डॉ. अमृता राज ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें पर्यावरण संरक्षण के उपायों व उसकी आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण कर यह संकल्प लिया कि वे न केवल अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे, बल्कि पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।


