बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक घायल
बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक घायल 
जे टी न्यूज, मुरलीगंज (मधेपुरा):
शहर के मिड्ल चौक स्थित एसबीआई शाखा के पास गुरुवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य बाइक सवार बाल-बाल बच गए।
घायल युवकों की पहचान हरिपुर कला पंचायत वार्ड संख्या 10 निवासी सागर कुमार और अंशु कुमार के रूप में हुई है। दोनों स्प्लेंडर बाइक से केपी कॉलेज स्नातक परीक्षा देने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही अपाचे बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मुरलीगंज सीएचसी लाया गया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि सागर कुमार के सिर में गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया। वहीं अंशु कुमार के पैर में चोट आई है और उनका इलाज सीएचसी में चल रहा है।
