रिपब्लिक डे कैंप 2026 हेतु अभिजीत राज का चयन मुंगेर : कुलपति

रिपब्लिक डे कैंप 2026 हेतु अभिजीत राज का चयन मुंगेर : कुलपति

जे टी न्यूज, मुंगेर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) और क्षेत्रीय निदेशालय पटना के क्षेत्रीय निदेशक श्री विनय कुमार के पत्रानुसार गणतंत्र दिवस परेड शिविर 2026 के लिए मुंगेर विश्वविद्यालय से अभिजीत राज का चयन किया गया है। अब अभिजीत राज राष्ट्रीय स्तर पर मुंगेर विश्वविद्यालय का और बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। गणतंत्र दिवस परेड शिविर का आयोजन 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। 1 महीने के इस कैंप में शैक्षणिक गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, 26 जनवरीको कर्तव्य पथ पर परेड, ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण, भारत के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात इत्यादि कार्यक्रम होंगे। मुंगेर विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभिजीत राज राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक हैं और कोशी कॉलेज खगड़िया के छात्र हैं। बिहार के दो विश्वविद्यालय से दो स्वयंसेवकों का चयन किया गया है :-
1. टी० एम० बी० विश्वविद्यालय, भागलपुर
2. मुंगेर विश्वविद्यालय, मुंगेर
रिपब्लिक डे कैंप के चयन के लिए पहले कॉलेज स्तर, दूसरा विश्वविद्यालय स्तर, तीसरा राज्य स्तरीय,उसके बाद सेंट्रल जोन और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होता है। अभिजीत राज ने इन सभी स्तरों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और वह राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए।चयनित प्रतिभागी ने मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय से शिष्टाचार मुलाकात की। चयनित स्वयंसेवक को कुलपति महोदय ने एनएसएस टी-शर्ट, कैप, बैच, मेडल, डायरी इत्यादि प्रदान कर सम्मानित किया। मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो डॉ संजय कुमार ने कहा कि मुंगेर विश्वविद्यालय लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। रिपब्लिक डे कैंप के लिए अभिजीत राज का चयन मुंगेर विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।

मुंगेर विश्वविद्यालय की स्थापना काल के बाद पहले एनएसएस स्वयंसेवक का चयन आरडीसी कैंप के लिए हुआ है।राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित शिविर में गणतंत्र दिवस परेड शिविर, राष्ट्रीय एकता शिविर और एडवेंचर कैंप में मुंगेर विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों का चयन एनएसएस की सक्रियता का परिणाम है। मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डाॅ घनश्याम राय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के केवल दो विश्वविद्यालयों में से मुंगेर विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों का चयन गर्व की बात है । यह चयन ही नहीं बल्कि प्रतिभा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कुलपति महोदय का नेतृत्व क्षमता और कार्यक्रम समन्वयक की मेहनत ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय की अपनी पहचान बनी है। इस सफलता पर विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू प्रो डॉ महेश्वर मिश्रा, सभी पदाधिकारियों डॉ प्रियजन तिवारी, डॉ अंशु राय, डॉ सूरज कोनार डॉ कुंदन लाल, डॉ संजय मांझी, संबंधित कॉलेज के प्राचार्य डॉ कपिलदेव महतो और कार्यक्रम पदाधिकारियों ने बधाई दिया। कार्यालय कर्मी सुमंत कुमार और सौरव शांडिल्य द्वारा आज स्वयंसेवकों का दस्तावेज सत्यापन किया गया उसके बाद चयनित सूची को क्षेत्रीय निदेशालय पटना भेज दी गई।

Related Articles

Back to top button