समस्तीपुर में पुलिस- अपराधी मुठभेड़, कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार के पैर में लगी गोली।
समस्तीपुर में पुलिस- अपराधी मुठभेड़, कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार के पैर में लगी गोली।

जे टी न्यूज़, समस्तीपुर:बिहार में एक तरफ अपराध चरम पर है तो पुलिस भी अपनी नाकामी छुपाने के लिए कभी कभार अपराधियो पर गोली चलाकर यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि अब सम्राट सरकार है औऱ अपराध करने वालो पर पुलिस भी गोली चलाने से नही चुकेगी।ताजा मामला समस्तीपुर का है जहां देर रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चर्चित अपराधी प्रिंस कुमार घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में लूट और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार अपने सहयोगियों के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात उजियारपुर थाना इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक खुद को घिरता देख प्रिंस कुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली प्रिंस कुमार के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि प्रिंस कुमार जिले में लगातार हो रही लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों और सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाने में लगी है। घटना के बाद घायल अपराधी को पुलिस सुरक्षा के बीच समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस के वरीय अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है
