प्रैक्टिकल परीक्षा नहीं होने पर छात्रों का हंगामा, चार घंटे जाम रहा समस्तीपुर-दरभंगा मार्ग

प्रैक्टिकल परीक्षा नहीं होने पर छात्रों का हंगामा, चार घंटे जाम रहा समस्तीपुर-दरभंगा मार्ग

जे टी न्यूज, समस्तीपुर :
बलिराम भगत महाविद्यालय (बीआरबी कॉलेज) में मंगलवार को स्नातक की प्रायोगिक परीक्षा नहीं होने से नाराज छात्र-छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। छात्रों का कहना था कि वे ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षा देने कॉलेज पहुंचे थे। कॉलेज पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि परीक्षा नहीं होगी। इससे दूर-दराज से आए छात्र-छात्राओं में आक्रोश फैल गया। उनका आरोप था कि परीक्षा स्थगित होने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हुई। आक्रोशित छात्र कॉलेज परिसर से निकलकर मोहनपुर स्थित समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर बैठ गए। देखते ही देखते सड़क पर जाम लग गया। कई बसें, निजी वाहन और मालवाहक गाड़ियां घंटों फंसी रहीं। कुछ लोगों ने वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचने का प्रयास किया।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्र प्रतिनिधियों और कॉलेज प्रशासन से अलग-अलग वार्ता की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद छात्रों ने करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त किया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। महाविद्यालय के प्राचार्य जगदीश प्रसाद ने बताया कि नॉन-टीचिंग कर्मचारियों की हड़ताल के कारण प्रायोगिक परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि किसी छात्र को परीक्षा देने से नहीं रोका गया है और बुधवार से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रैक्टिकल परीक्षा कराई जाएगी।


प्राचार्य ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति को भेज दी गई है। विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार यदि कोई परीक्षा कार्य में बाधा उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं कॉलेज प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि छात्र भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने देने की मांग पर अड़े रहे।

Related Articles

Back to top button