आपदा के वक्त ‘ढाल’ बनेंगे स्काउट-गाइड के जांबाज
डीएम ने सेवा और समर्पण के लिए कैडेट्स को किया सम्मानित
आपदा के वक्त ‘ढाल’ बनेंगे स्काउट-गाइड के जांबाज
डीएम ने सेवा और समर्पण के लिए कैडेट्स को किया सम्मानित

जे टी न्यूज, सासाराम(रोहतास): सेवा अनुशासन और समर्पण की भावना को समर्पित भारत स्काउट एवं गाइड,बिहार के 77 वें स्थापना दिवस पर शनिवार को समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। भारत स्काउट एवं गाइड, बिहार के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चयनित स्वयंसेवकों एवं कैडेट्स को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में जिलाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद,अनुमंडल पदाधिकारी,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा),अपर समाहर्ता(आपदा प्रबंधन) सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी,प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक और कैडेट्स मौजूद रहें। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आपदा प्रबंधन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वयंसेवकों एवं कैडेट्स का सम्मान रहा। अधिकारियों ने उनके सेवा-भाव,अनुशासन,कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि आपदा की विषम परिस्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता,राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग तथा आम लोगों को जागरूक करने में स्काउट-गाइड की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
*युवा शक्ति को अनुशासन और सेवा से जोड़ता है स्काउट-गाइड : डीएम*
इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। यह संगठन युवाओं में अनुशासन,नेतृत्व क्षमता,आत्मनिर्भरता,सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास करता है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर ये स्वयंसेवक राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी सहयोग दे सकते हैं। उन्होंने सम्मानित कैडेट्स एवं स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए समाजसेवा की भावना को निरंतर बनाए रखने तथा जनहित,सामाजिक जागरूकता और आपदा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

डीएम ने युवाओं को संगठन के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं समारोह में उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि स्काउट एवं गाइड संगठन युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ उनमें सहयोग,भाईचारा,नेतृत्व और निस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करता है। प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान स्वयंसेवकों की तत्परता प्रशासन के राहत एवं बचाव कार्यों को गति देने में अहम भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। 77 वें स्थापना दिवस समारोह ने युवाओं को सेवा,अनुशासन और संकट के समय मानवता की रक्षा के लिए आगे आने का संदेश दिया।


