मनेर के शेरपुर में तीन लोगों की मौत पर सवाल, भाकपा-माले ने मुठभेड़ को बताया फर्जी
जांच टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पुलिस के दावों में विरोधाभास का आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच की मांग
मनेर के शेरपुर में तीन लोगों की मौत पर सवाल, भाकपा-माले ने मुठभेड़ को बताया फर्जी
जांच टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पुलिस के दावों में विरोधाभास का आरोप लगाते हुए न्यायिक जांच की मांग

जे टी न्यूज,
पटना : पटना जिले के मनेर प्रखंड के शेरपुर में पुलिस मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत के मामले को लेकर भाकपा-माले ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी की पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच टीम ने 8 नवंबर को घटनास्थल और मृतकों के घरों का दौरा कर परिजनों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत की। जांच के बाद टीम ने पुलिस के मुठभेड़ के दावे को संदिग्ध बताते हुए इसे कथित फर्जी मुठभेड़ करार दिया और स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग की।
जांच टीम में भाकपा-माले पोलित ब्यूरो सदस्य सह पटना जिला सचिव कॉमरेड अमर, पूर्व विधायक सत्यदेव राम, पूर्व विधायक रामबली सिंह यादव, मनेर प्रखंड सचिव सुधीर कुमार तथा किसान नेता रामकुमार यादव सहित उपेंद्र यादव शामिल थे।
इस घटना में मारे गए लोगों की पहचान जेपी यादव (42 वर्ष), बबलू यादव (38 वर्ष) और राजा शर्मा (20 वर्ष) के रूप में हुई है। जांच टीम ने मृतक जेपी यादव के परिजनों के हवाले से बताया कि उनके सीने में सात गोलियां लगी थीं, जबकि उनकी टी-शर्ट पर गोली के छेद नहीं दिखाई दे रहे थे। परिजनों ने शव देखने के दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने और लाठीचार्ज किए जाने का भी आरोप लगाया।
जांच टीम ने गंगा किनारे स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम के अनुसार, वहां तीन अलग-अलग स्थानों पर खून के निशान, ग्लव्स और गमछे का आधा टुकड़ा मिला। मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों ने टीम को बताया कि उन्होंने रात में गोली चलने की आवाज नहीं सुनी थी और सुबह वहां भारी पुलिस बल एवं एंबुलेंस देखी थी।
भाकपा-माले ने पुलिस के दावों में विरोधाभास का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में 18 गोलियां पुलिस और 24 गोलियां कथित अपराधियों की ओर से चलाई गईं, जबकि तीनों मृतकों के शरीर पर करीब 30 गोलियां लगने की बात सामने आई है। टीम ने मृतकों के सीने में गोलियां लगने तथा मनेर थानाध्यक्ष की वर्दी को छूकर गोली निकलने के पुलिस के दावे पर भी सवाल उठाए।
जांच टीम का आरोप है कि उपलब्ध परिस्थितिजन्य साक्ष्य और स्थानीय लोगों के बयान पुलिस की मुठभेड़ की कहानी पर गंभीर संदेह पैदा करते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
भाकपा-माले की प्रमुख मांगें
पार्टी ने पूरे मामले की स्वतंत्र न्यायिक जांच, घटनास्थल के साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम एवं बैलिस्टिक रिपोर्ट सार्वजनिक करने, संबंधित पुलिस अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग की है।

भाकपा-माले ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होना अलग विषय है, लेकिन कानून से बाहर जाकर किसी की जान लेने का अधिकार किसी को नहीं है। पार्टी ने दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। Hu



