पानी के लिए तरसे ग्रामीण, मुखिया फिरोजा बेगम के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन
पीएचईडी अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने और शिकायतों की अनदेखी का आरोप, सड़क की बदहाली का मुद्दा भी उठा
पानी के लिए तरसे ग्रामीण, मुखिया फिरोजा बेगम के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन
पीएचईडी अधिकारियों पर फोन नहीं उठाने और शिकायतों की अनदेखी का आरोप, सड़क की बदहाली का मुद्दा भी उठा 
जे टी न्यूज,
समस्तीपुर: उजियारपुर प्रखंड की भगवानपुर कमला पंचायत के वार्ड संख्या-12 में पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर उतर आया। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज पंचायत की मुखिया फिरोजा बेगम के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने उजियारपुर प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुखिया फिरोजा बेगम ने आरोप लगाया कि वार्ड में पेयजल संकट को लेकर लगातार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा रही थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को फोन करने पर वे फोन तक नहीं उठाते हैं, जिससे ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने पेयजल संकट के साथ-साथ वार्ड की बदहाल सड़क का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि पेयजल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को रोजमर्रा के जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी दौरान वार्ड सदस्य की ओर से भी गंभीर आरोप लगाए गए। वार्ड सदस्य का आरोप है कि विकास कार्य कराने के लिए पैसे की मांग की गई थी और पैसे नहीं देने के कारण काम नहीं कराया गया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मुखिया फिरोजा बेगम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से पेयजल संकट और सड़क की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
