*30 लाख के इनामी नक्सली का सहयोगी डाक्‍टर गिरफ्तार, क्‍लीनिक में नक्‍सलियों के इलाज का आरोप*

*30 लाख के इनामी नक्सली का सहयोगी डाक्‍टर गिरफ्तार, क्‍लीनिक में नक्‍सलियों के इलाज का आरोप*

जेटी न्यूज।

जमुई::- पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नक्‍सलियों के मददगार डाक्‍टर को गिरफ्तार कर लिया है। वह 30 लाख के इनामी नक्‍सली प्रवेश दा का बेहद करीबी बताया जा रहा है। उस पर अपने क्‍लीनिक में घायल नक्‍सलियों के इलाज का भी आरोप है।

जानकारी के अनुसार उक्त डाक्टर क्लीनिक संचालन की आड़ में नक्सलियों को मदद करने का काम किया करता था। जिसके आरोप में पुलिस ने चकाई थाना क्षेत्र के हाई स्कूल रोड के समीप से डाक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए अभियान में शामिल जमुई के एसपी अभियान सुधांशु कुमार ने बताया कि 30 लाख के इनामी नक्सली और पूर्वी बिहार पूर्वोत्तर झारखंड के जोनल सचिव प्रवेश दा के अहम सहयोगी के रूप में काम करने वाले क्लीनिक संचालक शोभा कांत पांडे को चकाई स्थित क्लीनिक से गिरफ्तार कर लिया गया।

शोभा कांत पांडे सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी बताया जाता है। एसपी अभियान ने बताया कि गिरफ्तार शोभा कांत पांडे चकाई के अलावा झाझा में भी क्लीनिक चलाता था। क्लीनिक चलाने की आड़ में ही वह नक्सलियों के मुख्य लीडर प्रवेश दा का अहम सहयोगी बन गया था। वह प्रतिदिन प्रवेश दा से मोबाइल पर बात करता था। प्रवेश के निर्देश पर वह उसका सारा काम करता था।

लेवी के पैसे को प्रवेश के घर पहुंचाना सहित संगठन के काम आने वाले सभी कार्यों को करता था। साथ ही नक्सलियों का इलाज जंगल में जाकर करता था। दो दिन पहले आरोपित ने एक सीएसपी से नक्सली को 40 हजार रुपया भेजा था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पक्की सूचना के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई जिसमें उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस फिलहाल उससे मिली जानकारी के आधार पर गहन जांच-पड़ताल में जुट गई है। शोभा कांत की गिरफ्तारी की सूचना पाकर एसपी प्रमोद कुमार मंडल ने भी उससे पूछताछ की। शोभा कांत को काफी गुप्त तरीके से चकाई स्थित क्लीनिक से गिरफ्तार कर लिया गया और उसे झाझा ले जाकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी अभियान में चकाई थाना अध्यक्ष राजीव तिवारी, झाझा थानाध्यक्ष राजेश शरण शामिल थे।

Related Articles

Back to top button